पलपल इंडिया प्रतिनिधि,जबलपुर। अगर आप प्रयागराज महाकुंभ जाने का प्लान कर रहे हैं और होटल या रुकने की आपको टेंशन हो रही है तो अब आपको परेशान होने की जरूरत नहीं है। महाकुंभ पहुंचने वाले लाखों लोगों के लिए IRCTC की ओर से खास टेंट सिटी बनाया गया है जहां अलग अलग सुविधाओं वाले टेंट में ठहरने की व्यवस्था की गई। प्रयागराज महाकुंभ में भक्तों और पर्यटकों के लिए आईआरसीटीसी ने पूरा का पूरा एक शहर बसा दिया है। इसे टेंट सिटी नाम दिया गया है। टेंट सिटी में आपको सारी सुविधाएं मिलेंगी। यहां खास लग्जरी टेंट भी हैं जिनमें फाइव स्टार होटल वाली सारी लग्जरी सुविधाएं आपको मिलेंगी। आप इन टेंट की बुकिंग करा सकते हैं।
टेंट सिटी को प्रयागराज के नैनी में सेक्टर 25 अरैल रोड पर स्थापित किया गया है। टेंट सिटी त्रिवेणी संगम से करीब 3.5 किलोमीटर दूर है। टेंट सिटी से घाटों तक पहुंचने के लिए खास सुविधाएं भी दी गई हैं।
आईआरसीटीसी की ओर से टेंट सिटी में सुपर डीलक्स टेंट हाउस हैं और विला टेंट हाउस भी हैं। इन टेंट में रुकने वालों को बाथरूम में चौबीस घंटे गर्म पानी की सुविधा दी गई है। टेंट को गर्म रखने के लिए रूम ब्लोअर मिलेंगे। टेंट में बेड लिनन, टॉबल और टॉयलेटरीज भी दी जाएंगी। टेंट के किराए में खाना भी शामिल है। विला टेंट में रहने वाले लोगों को अलग से बैठने की एक आरामदायक जगह भी दी जाती है जहां वो बैठकर टीवी देख सकते हैं। टेंट में रुकने वालों के लिए टेंट सिटी में सीसीटीवी की सुविधा, प्राथमिक चिकित्सा सुविधा, चौबीस घंटे आपातकालीन सहायता भी उपलब्ध है।
अगर आप सुपर डीलक्स टेंट में रुकते हैं तो इसके लिए आपको एक दिन रात का किराया ₹18000 चुकाना होगा। अगर विला में रुकने का प्लान बना रहे हैं तो इसके लिए 24 घंटे का किराया ₹20000 रखा गया है। शाही स्नान के अलावा अन्य दिनों में बुकिंग कराने पर आपको 10% का डिस्काउंट मिलेगा।
आप आईआरसीटीसी की वेबसाइट www.irctctourism.com/mahakumbhgram पर कुंभ ग्राम टेंट सिटी की बुकिंग अपने हिसाब से करा सकते हैं। आईआरसीटीसी की ऑफिशियल वेबसाइट www.irctc.co.in पर इसका अलग से प्रचार किया जा रहा है।