तेल अवीव. इजरायल के तेल अवीव शहर में तीन बसों में लगातार जोरदार धमाके हुए, जिससे पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। हालांकि, इन धमाकों में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन इजरायली पुलिस इसे संभावित आतंकी हमला मान रही है।
ये धमाके बाट याम इलाके में हुए, जहां सुरक्षा एजेंसियों ने दो अन्य बसों में लगे विस्फोटकों को निष्क्रिय कर दिया। इन हमलों के बाद इजरायल की परिवहन मंत्री मीरी रेगव ने बस, ट्रेन और लाइट रेल सेवाओं को अस्थायी रूप से रोकने का आदेश दिया, ताकि संभावित विस्फोटक डिवाइसों की जांच की जा सके।
इजरायली रक्षा मंत्री योव गालेंट ने आईडीएफ (इजरायली रक्षा बल) को वेस्ट बैंक स्थित शरणार्थी शिविरों में अपनी सक्रियता बढ़ाने का निर्देश दिया। इन हमलों की जांच में आईडीएफ और इजरायली खुफिया एजेंसी शिन बैट मिलकर काम कर रही हैं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि पार्किंग लॉट में खड़ी एक बस में आग लगी हुई है, जबकि पास की एक कार भी जल गई। तेल अवीव जिले के पुलिस प्रमुख हेम सर्गारोफ ने बताया कि धमाकों में इस्तेमाल विस्फोटकों में टाइमर लगे थे और उन पर कुछ लिखा हुआ था। कुछ रिपोर्टों के मुताबिक, इन डिवाइसेज पर “Revenge Threat” लिखा था। हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि इन हमलों के पीछे कौन जिम्मेदार है।
एक टेलीग्राम चैनल, जिसे हमास की तुल्कारेम बटालियन से जुड़ा बताया जा रहा है, ने बयान जारी कर कहा, “हमारे शहीदों के बलिदान को भुलाया नहीं जा सकता। यह बदला है।” हालांकि, इस संगठन ने सीधे तौर पर हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
इजरायली प्रधानमंत्री की प्रतिक्रिया- प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के कार्यालय से जारी बयान के अनुसार, पीएम लगातार इस मामले की जानकारी ले रहे हैं और सुरक्षा स्थिति का आकलन कर रहे हैं। इजरायली सुरक्षा एजेंसियां इस हमले के पीछे के संभावित मास्टरमाइंड और उसके मकसद की गहराई से जांच कर रही हैं।