जबलपुर: कॉलोनी में अपनी दबंगई दिखाने के लिए किए तीन फायर, दहशत में क्षेत्रीय जन

By: PalPal India News
March 13, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि,जबलपुर। जबलपुर के चौकीताल स्थित रॉयल सिटी कॉलोनी में देर रात तीन राउंड फायरिंग की आवाज सुनाई दी। अचानक गोलियों की आवाज से लोग घबरा गए और अपने घरों से बाहर निकल आए। उन्होंने देखा कि एक व्यक्ति हाथ में बंदूक लिए कॉलोनी में घूम रहा था। स्थानीय रहवासियों ने तुरंत डायल 100 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची।

इस दौरान भेड़ाघाट थाना प्रभारी भी अपनी टीम के साथ वहां पहुंचीं और हवाई फायरिंग करने वाले व्यक्ति को हिरासत में लेकर उसकी बंदूक जप्त कर ली। बताया जा रहा है कि फायरिंग करने वाला व्यक्ति मेडिकल कॉलेज सुपर स्पेशलिटी में पदस्थ डॉक्टर आदित्य तिवारी है।
रात करीब 2 बजे जब रॉयल सिटी कॉलोनी के लोग अपने घरों में सो रहे थे, तभी अचानक तीन बार फायरिंग की आवाज आई। घरों से बाहर निकलने पर लोगों ने देखा कि डॉ. आदित्य तिवारी दबंगई दिखाने के लिए अपनी लाइसेंसी बंदूक से हवाई फायरिंग कर रहे थे।
घटना से स्थानीय लोग इतने डर गए कि तुरंत पुलिस को सूचना दी। इस दौरान डॉक्टर बंदूक लेकर कॉलोनी में घूमते रहे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डॉ. आदित्य तिवारी नशे में धुत थे।

फायरिंग की आवाज सुनते ही कई लोगों ने डरकर अपने घरों के दरवाजे बंद कर लिए, जबकि कुछ लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही भेड़ाघाट थाना पुलिस और डायल 100 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को घटनास्थल से तीन खाली कारतूस मिले, जिससे पुष्टि हुई कि तीन राउंड फायर किए गए थे। इसके बाद पुलिस ने डॉ. आदित्य तिवारी को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया।
इस घटना के बाद पुलिस ने डॉ. आदित्य तिवारी के बंदूक लाइसेंस को रद्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

इस संबंध में उच्च अधिकारियों को रिपोर्ट भेजी जा रही है। कॉलोनी के लोग डरे हुए हैं और मांग कर रहे हैं कि ऐसे असामाजिक व्यवहार करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और डॉ. आदित्य तिवारी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। थाना प्रभारी पूर्वा चौरसिया ने कहा कि बंदूक जप्त कर ली गई है और जांच जारी है। पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है और आरोपित के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

HIGHLIGHTS

  • रॉयल सिटी कॉलोनी चौकी ताल में फायरिंग से दहशत
  • मेडिकल अस्पताल में पदस्थ सीएमओ आदित्य तिवारी ने की फायरिंग
  • कॉलोनी में अपनी दबंगई दिखाने के लिए किए तीन फायर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *