जयपुर: वुशू चैंपियन मोहित शर्मा की रिंग में हार्ट अटैक से मौत

By: PalPal India News
February 25, 2025

जयपुर। ऑल इंडिया यूनिवर्सिटी वुशू चैंपियनशिप के दौरान जयपुर के डिस्ट्रिक्ट चैंपियन मोहित शर्मा (21) की रिंग में ही हार्ट अटैक से मौत हो गई। यह टूर्नामेंट मोहाली (पंजाब) स्थित चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी में हो रहा था, जहां मोहित तीन दिन पहले भाग लेने गए थे।

मोहित ने पहले राउंड में जीत दर्ज कर ली थी और दूसरे राउंड में भी बढ़त बनाए हुए थे। इसी दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह रिंग में गिर पड़े। रेफरी ने उन्हें उठाने की कोशिश की, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। तुरंत ही उन्हें मोहाली के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

राजस्थान यूनिवर्सिटी के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस टूर्नामेंट के आयोजन में उनकी कोई भूमिका नहीं थी। आयोजन समिति के सदस्य दीपक कुमार ने बताया कि मोहित शानदार प्रदर्शन कर रहे थे, लेकिन इस दर्दनाक घटना से सब स्तब्ध रह गए।

एसएचओ कमल तनेजा ने बताया कि खिलाड़ी के शव को सिविल हॉस्पिटल, खरार (मोहाली) की मॉर्च्युरी में रखवाया गया है। उनके परिवार को सूचना दे दी गई है, और पोस्टमॉर्टम के बाद शव सौंप दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *