जम्मू-कश्मीर. अनंतनाग पुलिस ने जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तान के समर्थन से चल रहे आतंकी नेटवर्क को ध्वस्त करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस और जिला प्रशासन ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के आतंकी हैंडलर हारून राशिद गनी की अवैध रूप से निर्मित संपत्ति को नेस्तनाबूद कर दिया। यह कार्रवाई दक्षिण कश्मीर के रेखा हसनपोरा क्षेत्र में की गई, जहां आतंकी का अवैध घर और अन्य निर्माणों को ढहा दिया गया।
अनंतनाग पुलिस और प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि कश्मीर में आतंकवाद को किसी भी कीमत पर बढ़ने नहीं दिया जाएगा। आतंकी गतिविधियों में लिप्त किसी भी शख्स की अवैध संपत्ति के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
हारून राशिद गनी, जो मूल रूप से अनंतनाग जिले का निवासी है, 2018 में पाकिस्तान भाग गया था। वहां से वह लश्कर-ए-तैयबा के लिए सक्रिय था और पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI के निर्देश पर कश्मीर में आतंकी साजिशों को अंजाम दे रहा था। उसका मुख्य मकसद कश्मीरी युवाओं को भड़काकर आतंकवाद की राह पर धकेलना, आतंकियों को धन मुहैया कराना और भारतीय सुरक्षा बलों पर हमलों की योजना बनाना था।
उसने सरकारी जमीन पर कब्जा कर अवैध रूप से एक घर और अन्य ढांचे बनाए थे, जिन्हें अब प्रशासन ने पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया है। इससे पहले भी जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने कई आतंकियों और उनके समर्थकों की अवैध संपत्तियों को जब्त कर उन्हें नष्ट किया है। प्रशासन का कहना है कि ऐसी कार्रवाइयां भविष्य में भी जारी रहेंगी ताकि आतंकवाद के लिए इस्तेमाल होने वाली संपत्तियों का पूरी तरह सफाया हो सके।
यह रणनीति सरकार और सुरक्षा बलों की ओर से आतंकवाद के खिलाफ एक मजबूत संदेश है। पाकिस्तान में बैठे आतंकी सरगनाओं को यह चेतावनी दी गई है कि वे कश्मीर में अपने नापाक इरादों को सफल नहीं कर पाएंगे।