लखनऊ. के चिनहट इलाके में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक बेटी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपनी ही मां की बेरहमी से हत्या कर दी. घटना शनिवार और रविवार की रात के बीच की है, जब चिनहट के सेमरा गांव में रहने वाली 40 वर्षीय उषा सिंह को उनके ही घर में मौत के घाट उतार दिया गया. उषा सिंह ऑडिट भवन में हाउसकीपर का काम करती थीं. पुलिस के मुताबिक, हत्या की वारदात को उनकी बेटी लकी और उसके प्रेमी शाहिद ने अंजाम दिया. उन्होंने पहले कपड़े से उषा का गला घोंटा, फिर टूटे हुए कांच से उनका गला रेत दिया.
इस खौफनाक हत्या को छिपाने के लिए लकी और शाहिद ने पूरी योजना बनाई थी. उन्होंने शव के कपड़े उतार दिए ताकि यह लगे कि किसी ने रेप और लूट की कोशिश की है. लकी ने आसपास के लोगों और परिवार वालों को गुमराह करने के लिए खुद ही शोर मचाया और कहा कि किसी अनजान ने उसकी मां की हत्या कर दी है. लेकिन पुलिस को लकी की कहानी में शुरू से ही कई गड़बड़ियां नजर आईं. जब उसे हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई, तो वह टूट गई और अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस की जांच में सामने आया कि लकी और शाहिद के रिश्ते को उषा सिंह कभी पसंद नहीं करती थीं.
दरअसल, लकी साल 2024 में शाहिद के साथ भाग गई थी. उस वक्त उषा ने शाहिद के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके चलते शाहिद को जेल भी जाना पड़ा था.
लकी की मां को लगता था कि शाहिद उसका भविष्य खराब कर देगा, इसलिए वह लगातार इस रिश्ते का विरोध करती थीं. जेल से छूटने के बाद शाहिद ने दोबारा लकी से संपर्क किया और दोनों ने मिलकर उषा को रास्ते से हटाने की साजिश रची पड़ोसियों ने बताया कि मां-बेटी के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे. उषा अपनी बेटी को अक्सर काम पर भी साथ ले जाती थीं, क्योंकि उन्हें उसकी हरकतों पर भरोसा नहीं था.