कपिल शर्मा की ‘किस किसको प्यार करूं 2’ का फर्स्ट लुक आउट

By: PalPal India News
April 1, 2025

मशहूर कॉमेडियन और अभिनेता कपिल शर्मा अपनी सुपरहिट फिल्म ‘किस किसको प्यार करूं’ के सीक्वल के साथ वापसी कर रहे हैं। ‘किस किसको प्यार करूं 2’ का पहला लुक जारी कर दिया गया है, जिसमें कपिल शर्मा दूल्हे के लिबास में नजर आ रहे हैं।

कपिल शर्मा ने ईद के मौके पर फिल्म का पहला पोस्टर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किया और फैंस को ईद की मुबारकबाद देते हुए लिखा –
“ईद मुबारक दोस्तों, केकेपीके2।”

पोस्टर में कपिल दूल्हे के रूप में सेहरा पहने हुए नजर आ रहे हैं, उनके चेहरे पर हैरानी के भाव हैं। पोस्टर में उनके साथ एक घूंघट में दुल्हन भी दिखाई दे रही है, जिससे फिल्म की कहानी को लेकर दर्शकों की उत्सुकता बढ़ गई है।

इस फिल्म में कपिल शर्मा और मनजोत सिंह मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। अनुकल्प गोस्वामी के निर्देशन में बनी यह फिल्म कॉमेडी का जबरदस्त तड़का लगाने के लिए तैयार है। इसका निर्माण रतन जैन, गणेश जैन और अब्बास-मस्तान ने वीनस वर्ल्डवाइड एंटरटेनमेंट और अब्बास मस्तान फिल्म प्रोडक्शन के सहयोग से किया है।

साल 2015 में रिलीज हुई ‘किस किसको प्यार करूं’ एक कॉमेडी फिल्म थी, जिसमें कपिल शर्मा के अलावा अरबाज खान, मंजरी फडनवीस, सिमरन कौर मुंडी, एली अवराम, वरुण शर्मा, सुप्रिया पाठक, शरत सक्सेना और मनोज जोशी अहम भूमिकाओं में थे। फिल्म की कहानी एक ऐसे शख्स के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे परिस्थितिवश तीन लड़कियों से शादी करनी पड़ती है। तीनों एक ही इमारत में रहती हैं, लेकिन उन्हें इस सच का पता नहीं होता कि उनका पति एक ही व्यक्ति है। मामला तब गंभीर हो जाता है, जब तीनों पत्नियां उसकी चौथी शादी में पहुंच जाती हैं और उसकी पोल खुल जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *