मेघना गुलजार की अगली फिल्म ‘दायरा’ में नजर आएंगी करीना कपूर

By: PalPal India News
April 16, 2025

अभिनेत्री करीना कपूर खान ने अपने फिल्मी करियर के 25 साल पूरे होने के खास मौके पर अपनी अगली फिल्म की घोषणा की है। वह फिल्म निर्देशक मेघना गुलजार की अपकमिंग क्राइम-ड्रामा फिल्म ‘दायरा’ में मुख्य भूमिका निभाने जा रही हैं। इस फिल्म में उनके साथ अभिनेता पृथ्वीराज सुकुमारन नजर आएंगे। ‘दायरा’ एक गंभीर और विचारोत्तेजक कहानी है जो अपराध, सजा और न्याय के बीच के संघर्ष को उजागर करती है। फिल्म आधुनिक समाज की जटिलताओं और व्यवस्था की खामियों पर गहराई से प्रकाश डालती है।

फिल्म के बारे में बात करते हुए करीना ने कहा- “हिंदी सिनेमा में 25 साल पूरे होने के इस विशेष मौके पर ‘दायरा’ जैसी फिल्म का हिस्सा बनना मेरे लिए सम्मान की बात है। मैंने मेघना गुलजार के काम को हमेशा सराहा है, ‘तलवार’ से लेकर ‘राज़ी’ तक मैं उनकी प्रशंसक रही हूं। उनके साथ काम करना मेरे लिए किसी सपने के सच होने जैसा है।”

उन्होंने आगे कह- “पृथ्वीराज जैसे टैलेंटेड अभिनेता के साथ काम करना और इस फिल्म की गहराई और हिम्मत से भरी कहानी का हिस्सा बनना बेहद रोमांचक है। यह फिल्म दर्शकों को सोचने के लिए मजबूर करेगी और मुझे यकीन है कि यह एक प्रेरणादायक सिनेमाई अनुभव होगा।”

अभिनेता पृथ्वीराज ने कहा- “जब मैंने पहली बार स्क्रिप्ट सुनी, तो मैं इस कहानी से तुरंत जुड़ गया। यह एक भावनात्मक यात्रा है, जिसमें सामाजिक मानदंडों और न्याय व्यवस्था पर तीखे सवाल उठाए गए हैं। मेघना गुलजार के निर्देशन में, करीना कपूर जैसी कलाकार के साथ काम करना मेरे लिए बेहद खास अनुभव होने वाला है।”

निर्देशक मेघना गुलजार ने फिल्म के बारे में कहा- “’दायरा’ एक ऐसी कहानी है जो समाज और उसकी संस्थाओं के भीतर की सच्चाई को टटोलती है। इसे सीमा, यश और मैंने मिलकर लिखा है, और इसकी जटिलताओं को पर्दे पर उतारना एक चुनौतीपूर्ण अनुभव है। करीना और पृथ्वीराज जैसे प्रतिभाशाली कलाकारों के साथ यह कहानी और भी प्रभावशाली बन जाती है।” उन्होंने जंगली पिक्चर्स के सहयोग की भी सराहना की और कहा, “जंगली पिक्चर्स ऐसी कहानियों को समर्थन देने के लिए जाना जाता है जो साहसिक और जरूरी होती हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *