पलपल इंडिया प्रतिनिधि। संजय कपूर का अंतिम संस्कार आज यानी 19 जून को किया जा रहा है। करिश्मा कपूर अपने बच्चों के साथ मुंबई से दिल्ली के लिए रवाना हो गई हैं। करीना कपूर भी पति सैफ अली खान के साथ इसमें शामिल होने के लिए रवाना हुई हैं।
एक्ट्रेस करिश्मा कपूर को उनके एक्स हसबैंड और उद्योगपति संजय कपूर के निधन के बाद पहली बार सार्वजनिक रूप से देखा गया। वह अपने बच्चों समायरा और कियान के साथ गुरुवार को मुंबई के प्राइवेट एयरपोर्ट पर नजर आईं। वो दिल्ली में हो रहे संजय कपूर के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए मुंबई से रवाना हो रही हैं। इस मौके पर उन्हें सपोर्ट करने के लिए बहन करीना कपूर और सैफ अली खान भी साथ जा रहे हैं। उन्हें भी मुंबई के उसी एयरपोर्ट पर स्पॉट किया गया, जहां पहले करिश्मा कपूर स्पॉट हुईं। बीते दिन खबर आई थी कि आज यानी 19 जून को संजय कपूर का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
12 जून को लंदन में पोलो मैच खेलते समय संजय कपूर का निधन हो गया था। बताया जा रहा है कि उन्हें दिल का दौरा पड़ा, हालांकि कुछ रिपोर्टों में यह भी कहा गया है कि यह दौरा मक्खी में मुंह में जाने की वजह से हुआ है। फिलहाल उनकी मौत के पीछे के सही कारण की पुष्टि नहीं हुई है। गुरुवार की सुबह करिश्मा और उनके दोनों बच्चे मुंबई के एक प्राइवेट हवाई अड्डे पर देखे गए।
संजय कपूर का अंतिम संस्कार गुरुवार शाम 5 बजे, नई दिल्ली के लोधी रोड श्मशान घाट में होगा। उनके परिवार की ओर से बुधवार को एक प्रेस नोट जारी कर अंतिम संस्कार की जानकारी साझा की गई थी। इसमें बताया गया कि कुछ कानूनी औपचारिकताओं विशेष रूप से उनकी अमेरिकी नागरिकता के कारण अंतिम संस्कार में देरी हुई है। इसके अलावा एक प्रार्थना सभा 22 जून को दिल्ली के ताज पैलेस होटल में आयोजित की जाएगी, जो शाम 4 से 5 बजे के बीच होगी। इस नोट में संजय की मां रानी सुरिंदर कपूर, पत्नी प्रिया और बच्चों सफीरा व अजारियस के नाम शामिल हैं। साथ ही उनकी पूर्व पत्नी करिश्मा और उनके बच्चों समायरा और कियान का भी उल्लेख किया गया है।