सवा सौ वर्ष पुरानी बावडी का कायाकल्प कर कटंगी वासियों ने पेश की अद्भुत मिसाल

By: PalPal India News
June 28, 2025

जबलपुर. मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की मंशा के अनुरूप जल स्त्रोतों के सरंक्षण और संवर्धन के लिए चलाए जा रहे जल गंगा संवर्धन अभियान में जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में जल आन्दोलन का रूप ले लिया है। अभियान के अंतर्गत जिले में जन सहभागिता से नवीन जल संग्रहण संरचनाओं के साथ साथ पहले से मौजूद जल संग्रहण संरचनाओं का जीर्णोद्धार, जल स्त्रोतों और जल वितरण प्रणालियों की साफ सफाई, जल स्त्रोतों के आस पास पौधारोपण का कार्य किया जा रहा है।

जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जिले की नगर परिषद कटंगी में दुर्गा चौक के समीप स्थित लगभग 125 वर्ष पुरानी बावड़ी का स्थानीय नागरिकों के सहयोग से किया गया कायाकल्प इस अभियान की सफलता का उत्कृष्ट उदाहरण बन गया है। अभियान के अंतर्गत नगर परिषद कटंगी द्वारा जन सहयोग से इस ऐतिहासिक बावड़ी का कायाकल्प करने किए गए कार्य की नगरीय प्रशासन आयुक्त श्री संकेत भोंडवे द्वारा भी सराहना की गई है।

कटंगी की यह बावडी गन्दगी से घिरी हुई थी और जो वर्षों से उपेक्षा का शिकार पत्थर से निर्मित इसकी गोलाकार दीवारें जनभागीदारी से किए गए सफाई कार्यों के बाद आसमानी रंग से शोभायमान हो रही हैं। इन दीवारों में जगह-जगह मछलियों के सुंदर चित्र उकेरे गए हैं। छुट्टियों के दिन अपने माता-पिता के साथ यहां समय बिताने आने वाले बच्चों के लिए ये चित्र आकर्षण का केंद्र बन रहे हैं, साथ ही प्राचीन काल में स्थानीय शासकों की जल प्रबंधन प्रणाली से उनका परिचय भी करा रहे हैं। बावड़ी की सीढ़ियों को लाल, हरे, पीले और नीले आदि रंगों से रंगा गया है। चटख रंगों से रंगी सीढ़ियां जहां बावड़ी की सुंदरता में चार चांद लगा रही हैं।

स्थानीय लोगों के सहयोग से किया गया बावड़ी के संरक्षण एवं पुनर्जीवन का यह कार्य कटंगी वासियों को लुभा रहा है। कुछ दिनों पहले दुर्गन्ध की वजह से जो बावड़ी आसपास के लोगों के लिए परेशानियों का सबब बन रही थी वही अब यह प्रवेश द्वार पर सभी का स्वागत करती हुई नजर आ रही है। स्वच्छ जल की वजह से लोगों की पसंदीदा जगह भी बन गई है। बड़ी संख्या में लोग यहां आते हैं और एकांत में बैठकर दिन भर की थकान को दूर करते हैं। बावड़ी की स्वच्छता को देखते हुए नगर परिषद कटंगी द्वारा बावड़ी में कचरा फेंकते और गंदगी करते हुए पाए जाने पर 250 रूपए का अर्थदंड सुनिश्चित किया गया है। बावडी को पुनर्जीवित करने में नगर परिषद् कटंगी के अध्यक्ष श्री अमिताभ साहू, उपाध्यक्ष श्री कमलेश ताम्रकार, मुख्य नगर पालिका अधिकारी स्नेहा मिश्रा,सभी पार्षदों,जन अभियान परिषद एवं नगर वासियों की सक्रिय भूमिका रही। जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत नगर परिषद कटंगी द्वारा 125 वर्ष पुरानी बावडी के अलावा नगर के प्राचीन अहिंसा तालाब की साफ़ सफाई की गई है एवं इसके घाटों को रंग-रोगन कर आकर्षक बनाया गया है। जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत कटंगी नगर परिषद् द्वारा नगर में अन्य जल स्रोतों की सफाई, वृक्षारोपण, रैलियों, जागरूकता कार्यक्रमों और वर्षा जल संचयन जैसी अनेक गतिविधियाँ भी आयोजित की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *