कठुआ एनकाउंटर: जम्मू-कश्मीर पुलिस के 3 जवान शहीद, 2 आतंकी ढेर

By: PalPal India News
March 28, 2025

कठुआ: जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले के घने जंगलों में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई, जिसमें जम्मू-कश्मीर पुलिस के तीन जवान शहीद हो गए, जबकि दो आतंकियों को मार गिराया गया। इस दौरान पांच अन्य सुरक्षाकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए। घटना के बाद इलाके में तलाशी अभियान तेज कर दिया गया, जिससे तनाव का माहौल बन गया।

घटना कठुआ के घटी जुठाना इलाके के जखोले गांव के पास हुई, जहां लगभग पांच आतंकवादी छिपे हुए थे। जम्मू-कश्मीर पुलिस की स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (SOG), भारतीय सेना, BSF और CRPF ने संयुक्त रूप से ऑपरेशन चलाया। सुरक्षाबलों ने आतंकियों को घेरने की कोशिश की, लेकिन वे जंगलों में भागने लगे। इसके बाद कई घंटे तक चली मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने दो आतंकियों को मार गिराया, जबकि तीन पुलिसकर्मी वीरगति को प्राप्त हुए।

इस एनकाउंटर में जम्मू-कश्मीर पुलिस के तीन बहादुर जवानों ने अपनी जान की आहुति दी। इसके अलावा, एक SDPO समेत पांच सुरक्षाकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उनकी इस बहादुरी ने आतंकवाद के खिलाफ उनकी निडरता को सिद्ध कर दिया।

घना जंगल और पास में नदी होने के कारण यह अभियान सुरक्षाबलों के लिए काफी चुनौतीपूर्ण था। इसके बावजूद बुलेटप्रूफ गाड़ियां, ड्रोन, हेलीकॉप्टर, थर्मल इमेजिंग कैमरे और खोजी कुत्तों की मदद से आतंकियों की घेराबंदी की गई। सुरक्षाबलों ने बेहतरीन समन्वय के साथ इस अभियान को अंजाम दिया। अधिकारियों के अनुसार, यह स्पष्ट नहीं हो सका कि यह वही आतंकी समूह था जो पहले से सन्याल जंगल में छिपा था या हाल ही में सीमा पार से घुसपैठ करने वाला नया दल था। इससे पहले रविवार को हीरानगर सेक्टर में भी आतंकियों के एक ग्रुप को रोकने की कोशिश की गई थी, लेकिन वे बचकर भाग निकले थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *