लंदन में खालिस्तानी उपद्रव: तिरंगे का अपमान, एस. जयशंकर के काफिले पर हमले की कोशिश

By: PalPal India News
March 6, 2025

लंदन. भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर की लंदन यात्रा के दौरान खालिस्तानी समर्थकों ने भारी हंगामा किया। स्थिति तब गंभीर हो गई जब एक उपद्रवी ने उनके काफिले की ओर दौड़ते हुए भारतीय तिरंगे को फाड़ दिया। यह घटना सुरक्षा बलों की मौजूदगी में हुई, जिससे सुरक्षा इंतजामों पर सवाल उठने लगे हैं। सोशल मीडिया पर इसका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिस शुरुआत में निष्क्रिय दिखी, लेकिन बाद में प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया गया।

चाथम हाउस के बाहर भी खालिस्तानी समर्थकों ने जोरदार नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन किया। गौरतलब है कि एस. जयशंकर 4 से 9 मार्च तक यूके की आधिकारिक यात्रा पर हैं। इस दौरान उन्होंने ब्रिटेन के विदेश मंत्री डेविड लैमी से मुलाकात कर रणनीतिक सहयोग, व्यापार वार्ता, शिक्षा, तकनीक और द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की। चाथम हाउस में एक चर्चा के दौरान कश्मीर मुद्दे पर उनसे सवाल किया गया कि क्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मध्यस्थता की पेशकश को स्वीकार करेंगे?

इस पर जयशंकर ने स्पष्ट रूप से कहा कि भारत को किसी तीसरे पक्ष की जरूरत नहीं है। उन्होंने अनुच्छेद 370 हटाने, आर्थिक विकास और सफल चुनावों का हवाला देते हुए कहा कि भारत ने अपनी भूमिका निभाई है। एस. जयशंकर ने कश्मीर को लेकर स्पष्ट रुख अपनाते हुए कहा कि असली मुद्दा पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाले कश्मीर (PoK) को वापस लेने का है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा, “जिस दिन हमें चुराया हुआ कश्मीर वापस मिलेगा, उस दिन यह मुद्दा पूरी तरह हल हो जाएगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *