पलपल इंडिया प्रतिनिधि। कोलकाता नाइट राइडर्स ने SRH को हराकर आईपीएल 2025 में अपना दूसरा मुकाबला जीत लिया है। इस जीत से उसे दो अंक मिले हैं और वह प्वाइंट्स टेबल में पांचवें नंबर पर पहुंच गई है।
आईपीएल 2025 में कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने सनराइजर्स हैदराबाद को 80 रनों से हरा दिया। दोनों टीमों के बीच ये मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन्स मैदान पर खेला गया। KKR की टीम ने मौजूदा सीजन अपना दूसरा मुकाबला शानदार अंदाज में जीत लिया। हैदराबाद के खिलाफ केकेआर की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 200 रनों का स्कोर खड़ा किया। कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए वेंकटेश अय्यर (60 रन) और अंगकृष रघुवंशी (50 रन) ने अर्धशतक लगाए। अंत में रिंकू सिंह ने भी बेहतरीन बल्लेबाजी की। उन्होंने 17 गेंदों में 32 रन बनाए, जिसमें चार चौके और एक छक्का शामिल रहा। इन प्लेयर्स की वजह से ही केकेआर की टीम 200 रन बनाने में सफल रही।
कोलकाता नाइट राइडर्स की सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ आईपीएल में ये कुल 20वीं जीत है। जीत दर्ज करते ही केकेआर ने अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में इतिहास रच दिया है। वह पहली ऐसी टीम बन गई है, जिसने आईपीएल में तीन विरोधी टीमों के खिलाफ 20 या उससे ज्यादा मैच जीते हैं। हैदराबाद से पहले KKR की टीम ने आरसीबी के खिलाफ आईपीएल में 20 मैच और पंजाब किंग्स के खिलाफ आईपीएल में 21 मैच जीते हैं। केकेआर से पहले आईपीएल में कोई भी टीम तीन विरोधी टीमों के खिलाफ 20 या उससे ज्यादा मुकाबले नहीं जीत पाई है।