लक्ष्य सेन की शानदार वापसी, प्रणय ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप से बाहर

By: PalPal India News
March 12, 2025

नई दिल्ली. भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने ऑल इंग्लैंड बैडमिंटन चैंपियनशिप में जोरदार प्रदर्शन करते हुए दूसरे दौर में जगह बना ली, जबकि एचएस प्रणय को हार का सामना करना पड़ा और वे टूर्नामेंट से बाहर हो गए। दुनिया के 15वें नंबर के खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने शुरुआती गेम गंवाने के बाद शानदार वापसी करते हुए चीनी ताइपे के 37वें रैंक के सू ली यैंग को 13-21, 21-17, 21-15 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया। 23 वर्षीय लक्ष्य अब इंडोनेशिया के जोनाथन क्रिस्टी से भिड़ेंगे, जिन्हें उन्होंने पिछले साल पेरिस ओलंपिक में हराया था।

32 वर्षीय प्रणय, जो विश्व चैंपियनशिप 2023 और एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीत चुके हैं, को पहले दौर में ही फ्रांस के टोमा जूनियर पोपोव के खिलाफ 19-21, 16-21 से हार झेलनी पड़ी। प्रणय ने पहले गेम में 6-1 की बढ़त बनाई थी और वे 15-12 से आगे भी थे, लेकिन पोपोव के दबाव के आगे पिछड़ गए। दूसरे गेम में भी प्रणय ने संघर्ष किया लेकिन फ्रेंच खिलाड़ी ने धैर्य बनाए रखते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।

मिश्रित युगल में भारत के सतीश कुमार करुणाकरण और आद्या वरियथ की जोड़ी को चीन के गुओ शिन वा और चेन फेंग हुइ की सातवीं वरीयता प्राप्त जोड़ी के खिलाफ 6-21, 15-21 से शिकस्त का सामना करना पड़ा। लक्ष्य ने पहला गेम हारने के बाद दूसरे गेम में 17-17 पर स्कोर बराबर किया और यैंग की गलतियों का फायदा उठाकर लगातार चार अंक जीतते हुए मुकाबले को 1-1 से बराबर कर लिया। निर्णायक गेम में वे ब्रेक तक 11-9 से आगे थे, लेकिन यैंग ने 15-15 पर स्कोर बराबर कर लिया। इसके बाद लक्ष्य ने लगातार छह अंक जीतते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। अब लक्ष्य सेन का अगला मुकाबला जोनाथन क्रिस्टी से होगा, जहां वे दूसरे दौर में अपनी जीत की लय बरकरार रखने की कोशिश करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *