जिला स्तरीय एमपी राइज कॉन्क्लेव में 22 हितग्राहियों को दिये गये 1.53 करोड़ के ऋण स्वीकृति पत्र.

By: PalPal India News
June 28, 2025

जबलपुर। एमएसएमई दिवस पर जिला स्तरीय एमपी राइज कॉन्क्लेव (इंडस्‍ट्री स्किल एंड एम्‍प्‍लाइमेंट कॉन्क्लेव-2025) का आयोजन सिविल लाइन स्थित प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस महाकौशल महाविद्यालय में किया गया। विधायक श्री अशोक रोहाणी के मुख्य आतिथ्य में आयोजित किये गये इस कार्यक्रम में विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के तहत 22 हितग्राहियों को 1.53 रुपये के ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किये गये। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर निगम के अध्यक्ष श्री रिकुंज विज ने की।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की अध्यक्षता में रतलाम में आयोजित किये गये “इंडस्ट्री स्किल एंड एम्प्लायमेंट कॉन्क्लेव -2025” (एमपी राइज ) का सीधा प्रसारण भी किया गया तथा मुख्यमंत्री के संबोधन को सुना गया। कार्यक्रम के उद्देश्‍य एवं रूपरेखा श्री विनीत रजक महाप्रबंधक जिला व्‍यापार एवं उद्योग केंद्र जबलपुर द्वारा प्रस्‍तुत की गई। इस अवसर पर विधायक श्री अशोक ईश्‍वरदास रोहाणी ने अपने संबोधन में देश की प्रगति में एमएसएमई की भूमिका को रेखांकित करते हुये कहा कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश की सरकार एमएसएमई क्षेत्र में निवेश बढाने के लिये निरंतर कार्य कर रही है। श्री रोहाणी ने संभागीय मुख्यालयों पर आयोजित की गई रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव का उल्लेख करते हुये कहा कि इनके माध्‍यम से क्षेत्र विशेष की विशिष्टताओं और उपलब्ध संसाधनों को ध्यान में रखते हुये निवेश के प्रस्ताव लाने में सफलता प्राप्‍त हुई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की मंशा प्रदेश में अधिक से अधिक निवेश लाने की है ताकि औद्योगिक दृष्टि से प्रदेश का तेजी से विकास हो तथा युवाओं को स्‍थानीय स्‍तर पर रोजगार उपलब्ध हो। उन्होंने युवाओं को नौकरी के स्‍थान पर शासन की स्वरोजगार योजनाओं का लाभ लेकर स्वयं का स्‍टार्ट-अप, व्यवसाय या इकाई प्रारंभ करने का तथा रोजगार मांगने की अपेक्षा रोजगार प्रदाता बनने का आव्‍हान किया। विधायक श्री रोहाणी ने कहा कि युवा अपने कौशल और ज्ञान का उपयोग कर जबलपुर में ही एमएसएमई इकाई स्‍थापित करें एवं जबलपुर को औद्येागिक दृष्टि से संपन्‍न बनाने में भूमिका अदा करें।

कार्यक्रम को नगर निगम अध्यक्ष श्री रिकुंज विज ने भी संबोधित किया। उन्होंने युवाओं को स्वरोजगार के क्षेत्र में कैरियर बनाने हेतु प्रेरित किया। कार्यक्रम की शुरुआत में जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक विनीत रजक ने इसके आयोजन की रूपरेखा और उद्देश्य पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में स्थानीय आई टी कंपनी द्वारा 10 स्‍थानीय युवाओं को प्‍लेसमेंट पत्र भी वितरित किये गये। कार्यक्रम में रोजगार कार्यालय द्वारा जॉब फेयर का आयोजन किया गया, युवाओं को स्‍वरोजगार योजनाओं की जानकारी देने विभिन्न विभागों द्वारा स्‍टॉल लगाये तथा विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्‍ठ द्वारा युवाओं को कैरियर मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस के प्राचार्य डॉ. अल्‍केश चतुर्वेदी, पार्षद श्री दामोदर सोनी एवं श्री पुष्‍पराज सेंगर, संभागीय संयोजक स्वामी विवेकानन्द मार्गदर्शन प्रकोष्ठ प्रो. डॉ अरूण शुक्‍ला, उप संचालक रोजगार एम एस मरकाम तथा बडी संख्‍या में एमएसएमई उद्यमी, स्‍वरोजगार योजनाओं के लाभार्थी एवं युवा उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *