तिरुपति. जब भक्ति भाव अपनी ऊंचाई पर होता है, तो भक्त भगवान को अपना सर्वस्व अर्पण करने में भी पीछे नहीं हटते। ऐसा ही एक प्रेरणादायक दृश्य आंध्र प्रदेश के प्रसिद्ध श्री वेंकटेश्वर मंदिर (तिरुमाला) में देखने को मिला, जहां IPL फ्रेंचाइज़ी लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के मालिक संजीव गोयनका ने भगवान बालाजी के चरणों में करोड़ों रुपये के आभूषण चढ़ाए।
संजीव गोयनका ने शुक्रवार को अपने परिवार संग मंदिर पहुंचकर दर्शन और पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने 5.2 किलोग्राम वजनी सोने के आभूषण भगवान को अर्पित किए, जिनमें हीरे और कीमती रत्न जड़े हुए थे। इन आभूषणों की कुल कीमत करीब 3.63 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
इस पावन अवसर की कुछ तस्वीरें संजीव गोयनका ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी साझा की हैं, जिनमें वे मंदिर परिसर में पूजा करते नजर आ रहे हैं। उनका यह भावनात्मक और आस्था से भरा कदम सोशल मीडिया पर काफी सराहा जा रहा है। गोयनका के इस भक्ति भाव ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि श्रद्धा के आगे भौतिक मूल्य गौण हो जाते हैं।