मध्य प्रदेश: डिंडोरी के कॉलेज में खुलेआम नकल करते पकड़े गए छात्र

By: PalPal India News
June 14, 2025

डिंडोरी (मध्य प्रदेश) – भले ही सरकार नकल मुक्त परीक्षा की कितनी भी बातें करे, लेकिन हकीकत इससे बिल्कुल अलग नजर आ रही है। मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिले से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने परीक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। वायरल वीडियो में छात्र परीक्षा हॉल के अंदर बेधड़क किताबें और मोबाइल का इस्तेमाल करते दिखाई दे रहे हैं।

वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि छात्र कक्षा में आराम से टेबल पर किताबें और मोबाइल रखकर नकल कर रहे हैं। ऐसा लग रहा है जैसे उन्हें पूरी छूट दे दी गई हो। इस घटना के सामने आने के बाद राज्य की परीक्षा निगरानी प्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

यह मामला डिंडोरी जिले के एक सरकारी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का है, जिसे महर्षि महेश योगी वैदिक विश्वविद्यालय की परीक्षा का केंद्र बनाया गया था। परीक्षा में करीब 117 छात्र उपस्थित थे। वायरल वीडियो को @NDTVMPCG नाम के सोशल मीडिया हैंडल से शेयर किया गया है।

जब इस मामले में स्कूल के प्राचार्य सतीश धुर्वे से प्रतिक्रिया ली गई तो उन्होंने खुद को इस मामले से अलग बताते हुए जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया। हालांकि, जनजातीय कार्य विभाग के सहायक आयुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर उचित कार्रवाई करने की बात कही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *