पलपल इंडिया प्रतिनिधि। मध्यप्रदेश के इंदौर में 20 मई को मेट्रो का कमर्शियल रन शुरू होगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वर्चुअल रूप से इसका शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मेट्रो को हरी झंडी दिखाएंगे। सुपर प्रायोरिटी कॉरिडोर के 5.9 किमी हिस्से में बने स्टेशनों के बीच मेट्रो का संचालन होगा। बताया जा रहा है की शुरुआत में किराए में छूट दी जाएगी और सिटी बसों से मेट्रो स्टेशनों तक कनेक्टिविटी प्रदान की जाएगी।
इंदौर वासियों को 20 मई से लोक परिवहन के सबसे बड़े माडल कहे जाने वाले ‘मेट्रो’ में सफर का मौका मिलेगा। मेट्रो के कमर्शियल रन का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी वर्चुअल रूप से करेंगे। मेट्रो प्रबंधन व प्रदेश सरकार द्वारा विगत दिनों प्रधानमंत्री कार्यालय को इस संबंध में प्रस्ताव भेजा गया था। वहां से सहमति मिलने के बाद ही इंदौर में 20 मई को मेट्रो का कमर्शियल रन शुरू करना तय किया गया है। इंदौर में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मेट्रो को हरी झंडी दिखाएंगे। सुपर प्रायोरिटी कॉरिडोर के 5.9 किमी हिस्से में बने पांच स्टेशनों के बीच मेट्रो का संचालन होगा।
कमर्शियल रन शुरू करने के पहले मेट्रो के पांच स्टेशनों को सिटी बसों से कनेक्ट किया जाएगा। रेडिसन, विजयनगर से सिटी बसें मेट्रो चलने के तय समय पर यात्रियों सुपर कारिडोर स्टेशन नंबर 3 तक पहुंचाएगी। वही बड़ा गणपति से कालानी नगर से बसें यात्रियों को लेकर गांधी नगर मेट्रो स्टेशन तक पहुंचाएगी।
मेट्रो शुरु होने व किराए में छूट होने के कारण शुरुआत में शहरवासी मेट्रो में सफर का पहला अनुभव लेने के लिए जरूर पहुंचेगे, लेकिन बाद में सुपर प्रायोरिटी कारिडोर के 5.9 किलोमीटर हिस्से में मेट्रो में यात्री नहीं मिल पाएंगे। ऐसे में अभी जो आधे घंटे में एक मेट्रो चलाने का निर्णय लिया गया है। उसमें बदलाव होगा। यात्रियों की संख्या को देखते हुए ही मेट्रो चलाने का अंतराल बढ़ाया जाएगा। गांधी नगर से रेडिसन चौराहे तक 17 किमी में अगस्त तक मेट्रो चलाने की संभावना है।