महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कार्यकर्ताओं और परिवार संग मनाई होली

By: PalPal India News
March 15, 2025

मुंबई। होली का जश्न पूरे देश में धूमधाम से मनाया गया, जिसमें फिल्मी सितारों से लेकर राजनेताओं तक, सभी रंगों के इस त्योहार में सराबोर नजर आए। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी अपने परिवार और कार्यकर्ताओं के साथ उत्साहपूर्वक होली मनाई। उनके चेहरे पर रंगों की छटा देखने को मिली।

इस मौके पर शिंदे ने कहा, “महाराष्ट्र के जितने भी संकट हैं, वे इस होली में जलकर खत्म हो जाएं। राज्य के किसान, लाडली बहनें और सभी नागरिकों के जीवन में खुशहाली आए।” उन्होंने आगे कहा कि पिछले ढाई साल से महाराष्ट्र में खुशियों का माहौल बना हुआ है और वे मुख्यमंत्री व अजित पवार के साथ मिलकर राज्य में इसी तरह का सुख-शांति का वातावरण बनाए रखने की कोशिश करेंगे।

शिंदे ने कहा कि होली ही एक ऐसा त्योहार है, जिसमें दुश्मन भी गले मिलकर प्रेम और सौहार्द का संदेश देते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें गर्व है कि यह पर्व पूरे देश में धूमधाम से मनाया जाता है। इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मॉरीशस के सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित किए जाने पर बधाई दी और इसे भारत के लिए गर्व की बात बताया।

आज देश के विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों और मंत्रियों ने भी होली का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया। कई नेताओं ने होली मिलन समारोह का आयोजन किया, जिसकी झलकियां सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। महाराष्ट्र में भी होली का पर्व पूरे जोश और उमंग के साथ मनाया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *