जालना. महाराष्ट्र के जालना जिले के वजरखेड़ा गांव में रविवार को एक धार्मिक आयोजन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। महारुद्र यज्ञ के अवसर पर आयोजित शिव महापुराण कथा के दौरान कथास्थल पर लगा मंडप अचानक भरभराकर गिर पड़ा, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
इस दुर्घटना में कम से कम 16 श्रद्धालु घायल हो गए। हादसे के बाद तुरंत सभी घायलों को जालना जिला सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। प्रभारी जिला सर्जन डॉ. नितिन पवार ने बताया कि सभी घायलों को सिर पर चोटें आई हैं, लेकिन राहत की बात यह है कि किसी की हालत गंभीर नहीं है। सभी घायलों का सीटी स्कैन किया गया है और स्थिति अब नियंत्रण में है।
स्थानीय पुलिस मौके पर तैनात है और घटना की जांच शुरू कर दी गई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे की वजह मंडप की कमजोर संरचना या अत्यधिक भीड़ का दबाव हो सकता है। यह घटना एक बार फिर धार्मिक आयोजनों में सुरक्षा मानकों और व्यवस्था की गंभीरता पर सवाल उठा रही है। लोगों का कहना है कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचाव के लिए प्रशासन को अधिक सतर्क और सख्त कदम उठाने की ज़रूरत है।