कोटा. राजस्थान के कोटा जिले में एक बड़ा हादसा हुआ, जहां सिमलिया थाना क्षेत्र के गढ़ेपान में स्थित चंबल फर्टिलाइजर एंड केमिकल लिमिटेड (CFCL) फैक्ट्री से अमोनिया गैस का रिसाव हो गया। इस घटना से पास के एक स्कूल में पढ़ रहे कई छात्रों की तबीयत अचानक बिगड़ गई।
जानकारी के अनुसार, घटना के समय स्कूल में पढ़ाई चल रही थी, जब अचानक बच्चों को घुटन महसूस होने लगी। कुछ बच्चों को चक्कर आए और वे बेहोश हो गए। स्कूल स्टाफ ने तत्परता दिखाते हुए प्रभावित बच्चों को प्राथमिक उपचार दिया और उनके परिजनों को सूचित किया। इसके बाद स्थानीय प्रशासन को जानकारी दी गई, और सभी बच्चों को फैक्ट्री परिसर के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए कोटा जिला कलेक्टर डॉ. रविंद्र गोस्वामी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि पूरे मामले की गहन जांच की जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।
इस हादसे के बाद क्षेत्र में डर और गुस्से का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले भी फैक्ट्री से गैस रिसाव की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन इस बार बच्चों की जान पर बन आई। लोगों ने प्रशासन से फैक्ट्री की सुरक्षा व्यवस्था की जांच करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।