कौशांबी (उत्तर प्रदेश): जिले के सिराथू तहसील स्थित कड़ा धाम मिलकर क्षेत्र में प्रशासन ने वक्फ बोर्ड की 93 बीघा जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराते हुए उसे सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज कर लिया है। यह कार्रवाई वक्फ संपत्तियों की सुरक्षा और सही उपयोग सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है।
जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने जानकारी देते हुए बताया कि कौशांबी जिले में कुल 98.95 हेक्टेयर भूमि वक्फ बोर्ड के नाम दर्ज है, जिनमें से 93 बीघा जमीन को अब तक कब्जा मुक्त किया जा चुका है। प्रशासन की यह कार्रवाई, अवैध कब्जों के खिलाफ एक सख्त संदेश के रूप में देखी जा रही है।
जांच के दौरान यह सामने आया कि यह भूमि पहले ग्राम समाज के खाते में दर्ज थी, जिसे बाद में वक्फ बोर्ड के नाम ट्रांसफर किया गया। प्रशासन की विशेष टीम तीनों तहसीलों में वक्फ संपत्तियों की खतौनी और वर्तमान उपयोग की जांच कर रही है। अधिकतर भूमि पर कब्रिस्तान और मदरसों का निर्माण पाया गया है, जिनके माध्यम से संपत्ति का उपयोग होता रहा है।
डीएम हुल्गी ने स्पष्ट किया कि आगे भी ऐसी सभी वक्फ संपत्तियों की निगरानी और सत्यापन लगातार जारी रहेगा। जिन संपत्तियों पर अवैध कब्जा पाया जाएगा, उन्हें मुक्त कराकर कानूनी रूप से सरकारी रिकॉर्ड में दर्ज किया जाएगा। यह कदम न केवल अवैध अतिक्रमण पर अंकुश लगाने के लिए है, बल्कि यह सुनिश्चित करने के लिए भी है कि इन जमीनों का उपयोग सामाजिक और धार्मिक कार्यों के लिए सही ढंग से किया जा सके।
इस कार्रवाई से स्थानीय प्रशासन को जहां संपत्ति प्रबंधन में पारदर्शिता लाने में मदद मिलेगी, वहीं स्थानीय समुदाय को भी उम्मीद है कि अब वक्फ संपत्तियों का उचित और न्यायोचित उपयोग हो सकेगा।