मंदसौर में बड़ा सड़क हादसा, बाइक सवार को टक्कर मारने के बाद कार कुएं में गिरी, 12 लोगों की मौत

By: PalPal India News
April 28, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधिमध्य प्रदेश के मंदसौर में एक कार हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई है। ये कार एक कुएं में जाकर गिर गई थी।

यहां के नारायणगढ़ थाना क्षेत्र के गांव चाकरिया में बड़ा हादसा हो गया है। यहां की चौपाटी पर एक कार, एक बाइक सवार को टक्कर मारने के बाद कुएं में गिर गई। कार में 13 लोग सवार थे। इस हादसे में 12 लोगों की मौत हो गई है। डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने 12 लोगों की मौत की पुष्टि की है।

क्या है पूरा मामला?

कार जब कुएं में गिरी तो उसमें से एलपीजी गैस का रिसाव होने लगा। गैस से दम घुटने से कार में सवार महिला-पुरुष तड़पने लगे। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान एक स्‍थानीय युवक कार सवारों को बचाने के लिए कुएं में कूदा, लेकिन गैस रिसाव की वजह से उसकी दम घुटने से मौत हो गई।

बचाव कार्य शुरु किया गया। क्रेन की मदद से लोगों को बाहर निकाला गया। एक महिला, एक छोटी बच्‍ची व एक किशोर को जिंदा हालत में जिला अस्‍पताल भेजा गया है,जहां तीनों का उपचार जारी है। अनियंत्रित कार ने जिस बाइक सवार बुजुर्ग को टक्‍कर मारी, वह मंदसौर जिले के आबाखेड़ी गांव के रहने वाले गोबर सिंह चौहान थे। हादसे में गोबर सिंह का दायां पैर पूरी तरह टूट गया। कुछ देर बाद गोबर सिंह की मौत हो गई। वहीं कार सवार लोगों को कुएं में बचाने कूदे स्‍थानीय 40 वर्षीय युवक मनोहर सिंह की भी गैस रिसाव से मौत हो गई। जिस कुएं में ये कार गिरी, वो बिना मुंडेर वाला था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *