मौसम बदलने के साथ पसीने की समस्या भी बढ़ने लगती है, जिससे शरीर से बदबू आना आम बात हो जाती है। इस समस्या से बचने के लिए बाजार में कई प्रकार के डिओड्रेंट उपलब्ध हैं, लेकिन इनमें मौजूद केमिकल त्वचा को नुकसान पहुंचा सकते हैं। यदि आप प्राकृतिक और केमिकल-फ्री हर्बल डिओड्रेंट घर पर बनाना चाहते हैं, तो ये कुछ आसान और असरदार तरीके आपके लिए फायदेमंद साबित हो सकते हैं।
खीरा और पुदीना से तैयार करें डिओड्रेंट स्प्रे
यह डिओड्रेंट स्किन को रिफ्रेशिंग और कूलिंग इफेक्ट देता है। खीरा त्वचा को ठंडक प्रदान करता है, जबकि पुदीना ताजगी का अहसास कराता है। विच हेजल प्राकृतिक रूप से पसीने को नियंत्रित करने में मदद करता है।
आवश्यक सामग्री:
½ कप खीरे का रस
¼ कप विच हेजल
5-6 बूंदें पेपरमिंट एसेंशियल ऑयल
5-6 बूंदें नींबू एसेंशियल ऑयल
विधि:- सभी सामग्रियों को एक स्प्रे बोतल में डालकर अच्छी तरह मिला लें। उपयोग करने से पहले इसे अच्छी तरह हिलाएं और स्प्रे करें।
नीम और चंदन पाउडर से बनाएं डिओड्रेंट-
नीम बैक्टीरिया को नष्ट करके शरीर की दुर्गंध को रोकता है, जबकि चंदन की भीनी खुशबू पूरे दिन तरोताजा बनाए रखती है।
आवश्यक सामग्री:
2 चम्मच नीम पाउडर
2 चम्मच चंदन पाउडर
1 चम्मच बेंटोनाइट क्ले
4-5 बूंदें लैवेंडर एसेंशियल ऑयल
विधि: सभी पाउडर को एक बाउल में अच्छी तरह मिक्स करें। इसमें एसेंशियल ऑयल डालकर मिश्रण को अच्छी तरह मिलाएं।
तैयार पाउडर को एक कंटेनर में स्टोर करें और जरूरत के अनुसार पफ या उंगलियों की मदद से लगाएं।
लैवेंडर और नारियल दूध से बनाएं डिओड्रेंट
नारियल का दूध त्वचा को नमी देता है, जबकि लैवेंडर की खुशबू आपको तरोताजा महसूस कराती है।
आवश्यक सामग्री:
2 बड़े चम्मच नारियल का दूध
2 बड़े चम्मच बेकिंग सोडा
1 बड़ा चम्मच अरारोट पाउडर
5-6 बूंदें लैवेंडर एसेंशियल ऑयल
बनाने की विधि:
नारियल का दूध, बेकिंग सोडा और अरारोट पाउडर को अच्छी तरह मिलाकर चिकना पेस्ट बना लें।
इसमें लैवेंडर ऑयल डालकर अच्छी तरह मिक्स करें।
तैयार डिओड्रेंट को स्टोर करें और थोड़ी मात्रा में इस्तेमाल करें।