रसिका दुग्गल के कई प्लान कैंसल, खुद को समझने में बिताया समय

By: PalPal India News
May 24, 2025

अभिनेत्री रसिका दुग्गल ने अपने पिछले एक महीने के अनुभवों को साझा किया है। उन्होंने बताया कि इस दौरान उनके कई प्लान अचानक रद्द हो गए, जिससे उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। लेकिन उन्होंने इस समय को खुद को समझने और आत्मनिरीक्षण का अवसर बनाने की कोशिश की।

रसिका ने बताया कि जब उनके कई प्लान टूटे, तो वे अक्सर अकेले समय बिताने लगीं। वे सोफे पर बैठकर अपने खाली समय में हुई निराशाओं और कुछ सकारात्मक बातों के बारे में सोचती रहीं। इस अनुभव को उन्होंने ‘इंट्रोवर्टिंग’ नाम दिया।

इंस्टाग्राम पर साझा की गई तस्वीरों में रसिका सोफे पर बैठी दिखाई दे रही हैं, जहां वह कैमरे के लिए विभिन्न पोज़ भी दे रही हैं।

अपने पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने लिखा, “हाल ही में मैंने एक दोस्त को फोन किया, जिसने कहा कि वह ‘इंट्रोवर्टिंग’ कर रही है। इस महीने मेरे कई प्लान रद्द हुए, जिनमें से कोई भी मैंने खुद रद्द नहीं किया था। इन सब वजहों से निराश होकर मैं अक्सर सोफे पर बैठकर उन कारणों पर सोचती रहती थी। कुछ बातें निराशाजनक थीं, तो कुछ खुशी देने वाली भी। मैंने सोचा कि शायद इस सोच को ‘इंट्रोवर्टिंग’ कहना सही होगा।”

रसिका ने एक मजेदार लेकिन गहरा सवाल भी पूछा, “अगर आप ‘इंट्रोवर्टिंग’ कर रहे हैं, यानी अकेले में सोच रहे हैं, तो क्या यह वास्तव में ‘इंट्रोवर्टिंग’ होगा, अगर उस वक्त आपकी फोटो भी खींच ली जाए?”

वर्कफ्रंट की बात करें तो, रसिका की फिल्म ‘लिटिल थॉमस’ को न्यूयॉर्क इंडियन फिल्म फेस्टिवल (NYIFF) में कई बड़ी श्रेणियों में नामांकित किया गया है, जिनमें बेस्ट एक्टर, बेस्ट एक्ट्रेस और बेस्ट डेब्यू फिल्म शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *