उत्तर मैसेडोनिया के नाइटक्लब में भीषण आग, 51 की मौत, 100 से अधिक घायल

By: PalPal India News
March 17, 2025

स्कोप्जे, उत्तर मैसेडोनिया। उत्तर मैसेडोनिया के पूर्वी शहर कोचानि में रविवार तड़के एक नाइटक्लब में भीषण आग लगने से 51 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि लगभग 100 अन्य घायल हो गए। देश के गृह मंत्री पान्चे तोशकोवस्की ने इस भयावह हादसे की पुष्टि एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान की। गृह मंत्री के अनुसार, आग सुबह करीब 2:35 बजे एक लोकल पॉप ग्रुप के लाइव कॉन्सर्ट के दौरान भड़क उठी। बताया जा रहा है कि क्लब में मौजूद युवाओं द्वारा इस्तेमाल किए गए पटाखों के कारण छत में आग लग गई, जो तेजी से पूरे क्लब में फैल गई।

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दिख रहा है कि क्लब के अंदर अफरातफरी का माहौल था। लोग घने धुएं के बीच भागने की कोशिश कर रहे थे, जबकि संगीतकार दर्शकों से बाहर निकलने की अपील कर रहे थे।

यह दुर्घटना उत्तर मैसेडोनिया के हाल के इतिहास की सबसे भीषण त्रासदियों में से एक मानी जा रही है। देश की कुल जनसंख्या 20 लाख से भी कम है, ऐसे में यह हादसा पूरे राष्ट्र के लिए गहरा आघात है। प्रधानमंत्री ह्रिस्तिजान मिक्कोसकी ने इस दुखद घटना पर शोक जताते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा, “यह उत्तर मैसेडोनिया के लिए बेहद कठिन और दुखद दिन है। इतने युवाओं की मौत अपूरणीय क्षति है। उनके परिवारों, प्रियजनों और दोस्तों के लिए यह पीड़ा अवर्णनीय है। सरकार पीड़ितों के परिवारों की हरसंभव सहायता करेगी।”

अधिकारियों के अनुसार, घायलों को देशभर के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जिनमें राजधानी स्कोप्जे के अस्पताल भी शामिल हैं। इनमें से कई पीड़ित गंभीर रूप से झुलसे हुए हैं। बचाव अभियान में कई स्वयंसेवी संगठन भी सक्रिय रूप से मदद कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *