मंडला जिले के 134 माध्यमिक स्कूलों में कक्षा 6 से 8 के छात्र अब गणित और विज्ञान को प्रायोगिक तरीके से सीखेंगे। इसके लिए आईआईटी गांधीनगर के छात्रों द्वारा तैयार की गई विशेष लर्निंग किट का उपयोग किया जाएगा। जिला शिक्षा केंद्र ने जिले को 156 किट प्रदान की हैं, जो बीआरसी ऑफिस, डाइट और सबसे अधिक छात्र संख्या वाले 134 स्कूलों में वितरित की गई हैं। जिले के 67 जनशिक्षा केंद्रों में से प्रत्येक में दो स्कूलों का चयन इस पहल के लिए किया गया है।
इस लर्निंग किट में कुल 56 प्रयोग शामिल हैं, जिनमें गणित के 14 प्रयोग जैसे 3डी आकृतियाँ, पाइथागोरस प्रमेय, और विज्ञान के प्रयोग जैसे चरखा जनरेटर, पाइप जनरेटर, डीसी मोटर, वायु चालित कार, विद्युत लेपन, और थर्मामीटर शामिल हैं। यह किट बच्चों की प्रायोगिक दक्षता को बढ़ाने के साथ-साथ गणित और विज्ञान के प्रति उनकी रुचि को भी प्रोत्साहित करेगी। राज्य शिक्षा केंद्र द्वारा इन किट्स को खरीदा गया है, ताकि बच्चे थ्योरी के साथ-साथ प्रयोगों के माध्यम से विषयों को बेहतर समझ सकें।
शिक्षकों को इस किट के उपयोग के लिए प्रशिक्षित करने हेतु 9 से 13 सितंबर तक आईआईटी गांधीनगर में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित होगा। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद ये अधिकारी जिले के अन्य शिक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे। इस पहल से बच्चों को गणित और विज्ञान के जटिल सिद्धांत सरल और रोचक तरीके से समझने में मदद मिलेगी, जिससे उनकी शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार होगा।