तलाक की अफवाहों पर मिशेल ओबामा ने तोड़ी चुप्पी, कहा – “ये मेरे फैसले थे, न कि शादी में दरार का संकेत”

By: PalPal India News
April 10, 2025

वॉशिंगटन, 10 अप्रैल। अमेरिका की पूर्व प्रथम महिला मिशेल ओबामा ने अपने और पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के बीच तलाक की अफवाहों पर पहली बार सार्वजनिक रूप से प्रतिक्रिया दी है। सोशल मीडिया पर महीनों से चल रही चर्चाओं के बीच मिशेल ने स्पष्ट किया कि उनका कुछ राजनीतिक आयोजनों से दूरी बनाना या सार्वजनिक रूप से कम दिखना, वैवाहिक समस्या नहीं बल्कि निजी भलाई और मानसिक शांति को प्राथमिकता देने का परिणाम था।

सोपिया बुश के पॉडकास्ट Work in Progress में बात करते हुए 61 वर्षीय मिशेल ने कहा, “मैंने वही किया जो मेरे लिए सबसे बेहतर था—न कि वो जो मुझे करना ‘चाहिए’ था या जो लोग मुझसे उम्मीद करते हैं।”

उन्होंने यह भी साझा किया कि अब वह अपने जीवन का शेड्यूल खुद तय करती हैं, जबकि पहले उन्होंने खुद को यह आज़ादी नहीं दी थी। “मैंने अपने बच्चों की ज़रूरतों को अपनी इच्छाओं को रोकने का एक बहाना बना लिया था,” उन्होंने कहा।

जनवरी में जब बराक ओबामा जिमी कार्टर के अंतिम संस्कार में अकेले पहुंचे और मिशेल अनुपस्थित रहीं, तभी से तलाक की अफवाहों ने ज़ोर पकड़ा। इसके बाद मिशेल द्वारा डोनाल्ड ट्रंप के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल न होने के निर्णय ने इन कयासों को और हवा दी।

लेकिन मिशेल ने इन बातों का खंडन करते हुए साफ कहा, “यह मेरी व्यक्तिगत सीमाओं को तय करने का निर्णय था, न कि किसी वैवाहिक कलह का संकेत।” मिशेल ओबामा ने भावनात्मक अंदाज़ में कहा, “समाज को यह मानना मुश्किल लगता है कि एक महिला अपने लिए निर्णय ले सकती है। इसलिए लोगों ने मान लिया कि मैं तलाक ले रही हूं।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि अक्सर महिलाएं दूसरों की उम्मीदों को पूरा करने के चक्कर में खुद को पीछे रख देती हैं, और जब वे खुद की भलाई के लिए कोई कदम उठाती हैं, तो उन्हें संदेह और आलोचना का सामना करना पड़ता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *