मुंबई। महाराष्ट्र के मीरा रोड इलाके से एक विवादास्पद घटना सामने आई है, जहां महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के कुछ कार्यकर्ताओं ने मराठी में बात न करने पर एक दुकानदार से कथित रूप से मारपीट की। जानकारी के अनुसार, यह घटना मीरा-भायंदर क्षेत्र की है, जहां मनसे कार्यकर्ता और डिप्टी मेयर करण कंडांगीरे एक मिठाई की दुकान ‘जोधपुर स्वीट्स’ पर रुके थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जब दुकानदार ने उनसे हिंदी में बात की, तो कार्यकर्ताओं ने उसे मराठी में जवाब देने को कहा। दुकानदार के इंकार करने पर मामला गरमा गया और कथित तौर पर गाली-गलौज और हाथापाई शुरू हो गई। यह पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह भाषा को लेकर विवाद हिंसा में तब्दील हो गया।
यह घटना ऐसे समय पर सामने आई है, जब राज्य में हिंदी थोपे जाने के खिलाफ माहौल गर्माया हुआ है। हाल ही में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने हिंदी भाषा से जुड़े दो सरकारी आदेश रद्द किए थे, जिसे मराठी भाषा प्रेमियों ने एक बड़ी जीत के तौर पर देखा। इसके बाद, खासकर मीरा-भायंदर इलाके में MNS कार्यकर्ताओं द्वारा जश्न भी मनाया गया था।