पलपल इंडिया प्रतिनिधि। मोहम्मद सिराज ने इंग्लैंड के खिलाफ 5 मैचों की टेस्ट सीरीज में शानदार गेंदबाजी की. भारत और इंग्लैंड के खिलाड़ियों ने इस सीरीज में कई रिकॉर्ड बनाए. सिराज ने साथी गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली जबकि कप्तान शुभमन गिल ने भी 35 साल पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त कर अपने नाम बड़ी उपलब्धि दर्ज कर ली.
विदेश में खिलाड़ी के तौर पर मोहम्मद सिराज के लिए यह 12वीं जीत थी। वहीं एमएस धोनी ने बतौर खिलाड़ी विदेश में 48 टेस्ट में से 11 मैच जीते थे। आपको बता दें कि सिराज ने घर से बाहर अब तक 27 टेस्ट मैच खेले हैं। जहां उन्हें 10 में हार मिली और पांच मुकाबले ड्रॉ पर समाप्त हुए थे। सिराज ने इस मामले में जसप्रीत बुमराह की बराबरी कर ली है। बुमराह ने भी अब तक विदेश में 12 टेस्ट मैच जीते हैं। ओवरऑल यह सिराज के लिए टेस्ट क्रिकेट में 22वीं जीत थी। उन्होंने इस मामले में मोहम्मद अजहरुद्दीन की बराबरी कर ली है।
भारतीय प्लेयर के तौर पर विदेश में सबसे ज्यादा मैच जीतने का रिकॉर्ड राहुल द्रविड़ के नाम है। द्रविड़ अपने करियर में विदेश में 93 में से 24 टेस्ट मैच जीतने में कामयाब रहे। लिस्ट में दूसरे नंबर पर विराट कोहली का नाम है। कोहली विदेश में 68 टेस्ट मैच खेले और वहां उन्हें 23 में जीत मिली।
ओवल टेस्ट मैच में मोहम्मद सिराज ने दोनों पारियों को मिलाकर कुल 9 विकेट अपने नाम किए। पहली पारी में उन्होंने 86 रन देकर 4 विकेट चटकाए। वहीं दूसरी पारी में उन्होंने 104 रन देकर 5 विकेट लिए। इस शानदार प्रदर्शन के लिए मोहम्मद सिराज को प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड मिला। उनके अलावा प्रसिद्ध कृष्णा ने कुल 8 विकेट हासिल किए।