नई दिल्ली/तिरुवनंतपुरम. भारत में इस वर्ष मानसून ने एक ऐतिहासिक शुरुआत की है। आमतौर पर 1 जून को केरल पहुंचने वाला मानसून इस बार 8 दिन पहले ही, यानी 19 मई को केरल पहुंच गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, यह पिछले 16 वर्षों में मानसून का सबसे जल्दी आगमन है। इससे पहले 2009 और 2001 में मानसून ने 23 मई को दस्तक दी थी।
इतिहास की बात करें तो, अब तक का सबसे जल्दी मानसून 1918 में 11 मई को केरल पहुंचा था, जबकि सबसे अधिक देरी से 1972 में 18 जून को मानसून आया था। पिछले 25 वर्षों में सबसे देर से मानसून 2016 में 9 जून को दर्ज किया गया था।
मानसून की समय से पहले आमद के साथ ही केरल के कई जिलों में भारी बारिश शुरू हो गई है। IMD ने राज्य के विभिन्न हिस्सों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। कुछ जिलों में अगले 24 घंटों में 20 सेंटीमीटर से ज्यादा बारिश की संभावना है।
ऑरेंज अलर्ट: जिन जिलों में 11 से 20 सेंटीमीटर बारिश हो सकती है।
येलो अलर्ट: जहां 6 से 11 सेंटीमीटर तक वर्षा की आशंका जताई गई है।