जबलपुर में घर के अन्दर मां-बेटे ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, अलग-अलग कमरे में लटके मिले शव

By: PalPal India News
March 18, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि,जबलपुर। जबलपुर घमापुर थाना के सिद्धबाबा क्षेत्र में उस वक्त हडकंप मच गया जब मां-बेटे ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना घमापुर थाना के सिद्धबाबा क्षेत्र की है। जानकारी मिलते ही घमापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, जहां देखा कि घर के अंदर से दरवाजे बंद है। स्थानीय लोगों ने बताया कि मृतिका अपने छोटे बेटे के साथ घर पर अकेला रहती थी, जबकि बड़ा बेटा आधारताल में रहता है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार सिद्धबाबा घमापुर क्षेत्र में माया रैकवार उम्र 60 वर्ष अपने छोटे बेटे अजय उम्र 36 वर्ष के साथ रहती है. बड़ा बेटा विनोद परिवार के साथ अधारताल में किराए का मकान लेकर निवासरत है. अजय मजदूरी करता है, माया रैकवार घर में ही रहती है. आज बड़े भाई विनोद ने अजय को फोन किया. लेकिन छोटे भाई अजय ने फोन रिसीव नहीं किया. इसके बाद कई बार कॉल किया लेकिन अजय ने फोन नहीं उठाया तो वह भी काम पर चला गया पुलिस ने बड़े बेटे को फोन कर जब मौके पर बुलाया और दरवाजा तोड़ा तो मां-बेटे अलग-अलग कमरे में फांसी पर लटके हुए थे। पुलिस ने दोनों ही शवों को उतारने के बाद पंचनामा कार्रवाई करते हुए मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू कर दी है।

दोपहर करीब 12 बजे पड़ोस में रहने वाले लोगों ने सूचना दी की आज सुबह से ही मां और बेटे घर से बाहर नहीं निकले है, और दरवाजा अंदर से बंद है। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर दोनों ही शवों को बाहर निकाला । घमापुर थाना प्रभारी सतीष अंधवान का कहना है कि माया, छोटे बेटे अजय के साथ किराए के मकान में रहा करती थी, बड़ा बेटा दो साल से पत्नी और बच्चों के साथ आधारताल में रह रहा था। थाना प्रभारी ने बताया कि मौके से किसी भी तरह का सुसाइड नोट भी नहीं मिला है। फिलहाल मर्ग कायम कर मां-बेटे के शव को पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल काॅलेज भेजकर घटना की जांच शुरू कर दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *