मां ने सिलेंडर के लिए दिए 1000 रुपये, बेटे ने लगाया भारत-पाक मैच पर सट्टा हारा तो कर ली खुदकुशी

By: PalPal India News
February 25, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में ऑनलाइन सट्टे की लत ने एक युवक की जान ले ली। माड़ीपुर राम राजी रोड स्थित अपने कमरे में 25 वर्षीय रंजन कुमार ने फंदे से लटककर आत्महत्या की है। आईसीसी चैंपियन ट्रॉफी में भारत और पाकिस्तान के बीच रविवार को हुए क्रिकेट मैच में मुजफ्फरपुर के एक युवक ने सट्टा लगाया था। मां जब घर वापस आई तो बेटे का शव फांसी के फंदे से झूलता हुआ मिला। बेटे की आत्महत्या की जानकारी मिलते ही मुहल्ले के लोग इकट्ठा हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।

गमछे से लटका मिला शव

सट्टे में नुकसान होने पर उसने सोमवार को आत्महत्या कर ली। उसका शव घर में गमछा से फंदे से लटका मिला। मृतक रंजन एक दवा दुकान में काम करता था। भारत-पाकिस्तान मैच के दौरान ऑनलाइन गेमिंग एप पर रुपये हारने के कारण तनाव में था। मृतक की मां नीलम देवी चौका-बर्तन कर घर लौटी तो बेटे को फंदे से लटका हुआ देखा। उसने हसिये से फंदा काटकर बेटे को नीचे उतारा, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने के बाद काजीमोहम्मदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची।पुलिस ने छानबीन के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को बुलाया गया। घटनास्थल से सबूत जुटाए गए।

मां ने सिलेंडर लाने के लिए दिए थे पैसे

बताया जा रहा है कि युवक की मां ने गैस सिलेंडर के लिए बेटे को 1000 रुपये दिए थए। बेटे को रुपये देकर वह काम पर चली गई थी। घर लौटी तो बेटे का शव फंदे से लटका मिला। मृतक रंजन ग्रेजुएशन के फाइनल ईयर का स्टूडेंट था। हालांकि, अबी यह पता नहीं चल पाया कि युवक ने कितने रुपए का सट्टा लगाया था। मृतक की मां ने बताया कि रंजन को ऑनलाइन सट्टा लगाने की आदत थी। वह जिस दुकान में काम करता था। वहां से बार-बार रुपये एडवांस लेकर मैच में सट्टा लगा देता था।

पेट में दर्द का बहाना बनाकर कमरे में गया युवक

रविवार को भारत-पाकिस्तान मैच के दौरान सट्टा लगाने के लिए दुकानदार से एडवांस मांगा तो उसने इनकार कर दिया था। मां ने उसे गैस सिलेंडर लाने के लिए 1000 रुपये दिए थे। वह इन रुपयों से गैस सिलेंडर नहीं लाया। सट्टे में पैसा लगा दिया था। मैच के दौरान पैसा डूबने से रंजन सदमे में था। वह रात को पेट दर्द का बहाना बनाकर हल्का खाना खाया था। इसके बाद अगली सुबह उसका शव फंदे से लटकता हुआ मिला।

जांच में जुटी पुलिस

शव को कब्जे में लेकर पुलिस छानबीन कर रही है। थानेदार जयप्रकाश सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में आत्महत्या का मामला सामने आया है। परिजन के आवेदन पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम और एफएसल की फाइनल रिपोर्ट आने से पूरा खुलासा होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *