बुमराह और सैंटनर की शानदार गेंदबाजी से मुंबई इंडियंस प्लेऑफ में पहुंची

By: PalPal India News
May 22, 2025

मुंबई. वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2025 के 63वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस (एमआई) ने दमदार प्रदर्शन करते हुए दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) को 59 रनों से हराकर प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली। सूर्यकुमार यादव की नाबाद अर्धशतक और जसप्रीत बुमराह व मिचेल सैंटनर की घातक गेंदबाजी इस जीत की मुख्य वजह रही।

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने 20 ओवरों में 5 विकेट खोकर 180 रन बनाए। सूर्यकुमार यादव ने 73 रन की नाबाद पारी खेली, जिसने टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।

लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत बेहद खराब रही। पावरप्ले में ही टीम ने अपने शीर्ष तीन बल्लेबाजों — केएल राहुल (11), कप्तान फाफ डु प्लेसिस (6) और अभिषेक पोरेल (6) — को खो दिया। इसके बाद समीर रिजवी (39) और विपराज निगम (20) ने पारी को संभालने की कोशिश की, लेकिन कोई भी बल्लेबाज टीम को जीत के करीब नहीं ले जा सका। आशुतोष शर्मा ने भी 18 रन जोड़े।

आखिरकार पूरी दिल्ली टीम 20 ओवर में 121 रन पर सिमट गई। मुंबई की ओर से जसप्रीत बुमराह और मिचेल सैंटनर ने 3-3 विकेट लिए, जबकि ट्रेंट बोल्ट, दीपक चाहर, विल जैक्स और कर्ण शर्मा को 1-1 सफलता मिली। इस जीत के साथ मुंबई इंडियंस ने प्लेऑफ में प्रवेश कर लिया है और खिताब की दौड़ में मजबूती से बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *