मुंबई इंडियंस का जीत का पंच, सनराइजर्स हैदराबाद प्लेऑफ से बाहर

By: PalPal India News
April 24, 2025

नई दिल्ली. मुंबई इंडियंस (MI) के जीत के चौके ने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के सपने चकनाचूर कर दिए हैं. यह मुंबई इंडियंस की आईपीएल 2025 में पांचवीं जीत है. इनमें से 4 मैच उसने लगातार जीते हैं. दूसरी ओर, यह टूर्नामेंट में सनराइजर्स हैदराबाद की छठी हार है. इस हार के साथ ही सनराइजर्स की टीम खिताबी रेस से लगभग बाहर हो गई है. अब कोई चमत्कार ही उसे प्लेऑफ में पहुंचा सकती है. सनराइजर्स हैदराबाद पिछले साल फाइनल में पहुंची थी.

सनराइजर्स हैदराबाद और मुंबई इंडियंस के बीच बुधवार को मुकाबला हुआ. मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया. उनका यह फैसला रंग लाया और मुंबई के गेंदबाजों ने सनराइजर्स की टीम को 8 विकेट पर 143 रन पर रोक दिया. सनराइजर्स हैदराबाद ने एक समय 35 रन पर पांच विकेट गंवा दिए थे. हेनरिक क्लासेन (71) अभिषेक मनोहर (43) ने 99 रन की साझेदारी कर टीम को संभाला. मुंबई इंडियंस की ओर से सबसे अधिक 4 विकेट ट्रेंट बोल्ट ने लिए. दीपक चाहर ने दो बैटर्स को पैवेलियन की राह दिखाई.

मुंबई इंडियंस ने लक्ष्य का पीछा करते हुए अच्छी शुरुआत की है. उसने पावरप्ले में एक विकेट पर 56 रन बनाकर अपने तेवर दिखा दिए. टीम ने यह तेवर आखिर तक कायम रखा और महज 15.4 ओवर में 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया. उसकी ओर से रोहित शर्मा (70) ने सबसे अधिक रन बनाए. सूर्यकुमार यादव (40 नाबाद) और विल जैक्स (22) ने भी बेहतरीन पारियां खेलीं.

मुंबई इंडियंस इस मैच के बाद पॉइंट टेबल में लंबी छलांग लगाकर तीसरे नंबर पर पहुंच गई है. पॉइंट टेबल में उसके 10 अंक हो गए हैं. अब सिर्फ गुजरात टाइटंस (12) और दिल्ली कैपिटल्स (12) के मुंबई से ज्यादा अंक हैं. दूसरी ओर, सनराइजर्स हैदराबाद अपने 8 में से 6 मैच हार गई है. अब उसके 2 जीत से 4 अंक हैं. हैदराबाद की टीम पॉइंट टेबल में नौवें नंबर पर है. सिर्फ चेन्नई सुपरकिंग्स (4) की टीम हैदराबाद से नीचे है.

सनराइजर्स हैदराबाद की टीम के अब 6 मैच बाकी हैं. अगर वह ये सारे मैच जीत ले तो प्लेऑफ खेल सकती है. लेकिन अगर वह एक मैच भी हारती है तो 14 अंक से आगे नहीं बढ़ पाएगी. मौजूदा सीजन में छह टीमें 10 अंक हासिल कर चुकी हैं. ऐसे में 14 अंक के साथ किसी टीम के प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करने की संभावना काफी कम दिखती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *