नई दिल्ली. दिल्ली-मेरठ रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (RRTS) के 82 किलोमीटर के नेटवर्क में से 55 किलोमीटर पर नमो भारत ट्रेन पहले से ही संचालित हो रही है। दिल्ली में दो, गाज़ियाबाद में आठ और मेरठ में एक स्टेशन चालू हैं, जबकि शेष हिस्से को भी जल्द ऑपरेशनल करने का कार्य तेज़ी से जारी है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) के अनुसार, अप्रैल के अंत तक न्यू अशोक नगर से सराय काले खां के बीच 4 किलोमीटर लंबे सेक्शन पर ट्रायल रन शुरू होने की संभावना है।
दिल्ली में कनेक्टिविटी को मिलेगी मजबूती
फिलहाल, दिल्ली में RRTS के दो स्टेशन – आनंद विहार और न्यू अशोक नगर – चालू हैं। सराय काले खां स्टेशन के जुड़ने से दिल्ली और मेरठ के बीच यात्रा और सुगम हो जाएगी। यह स्टेशन एक मल्टी-मॉडल हब के रूप में कार्य करेगा, जहां से यात्रियों को RRTS के साथ-साथ इंडियन रेलवे और दिल्ली मेट्रो की भी सुविधा मिलेगी, जिससे परिवहन साधनों के बीच आसानी से ट्रांजिट किया जा सकेगा।
इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार, ट्रायल रन जल्द
NCRTC के एक अधिकारी ने बताया कि न्यू अशोक नगर से सराय काले खां के बीच वायाडक्ट बनकर तैयार है, ट्रैक बिछाए जा चुके हैं, और अब सिग्नलिंग और ओवरहेड इलेक्ट्रिक उपकरण लगाने का कार्य तेज़ी से जारी है। इस सेक्शन पर अप्रैल के अंत तक ट्रायल रन शुरू होने की उम्मीद है।
मेरठ में भी विस्तार जारी
मेरठ में भी RRTS का विस्तार किया जा रहा है। मेरठ साउथ से शताब्दी नगर तक 6 किलोमीटर लंबे सेक्शन पर पहले ही नमो भारत ट्रेन और लोकल मेट्रो का ट्रायल रन हो चुका है। NCRTC का कहना है कि यह सेक्शन अप्रैल के अंत तक यात्रियों के लिए खोल दिया जाएगा।