नीरज चोपड़ा ने दक्षिण अफ्रीका में लहराया भारत का तिरंगा, जैवलिन फेंक किया पहला स्थान प्राप्त जीता गोल्ड

By: PalPal India News
April 17, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि। खेल जगत से अच्छी खबर सामने आई है जिसमें नीरज चोपड़ा ने पॉट इनविटेशनल ट्रैक टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया है और 84.52 मीटर की दूरी तक जैवलिन फेंककर पहला स्थान हासिल कर और गोल्ड मेडल जीत लिया।

नीरज चोपड़ा को भारत के बेहतरीन जैवलिन प्लेयर्स में गिना जाता है। उनकी वजह से ही आज भारत के हर घर में जैवलिन लोकप्रिय हुआ है। इसी क्रम में नीरज दक्षिण अफ्रीका के पोटचेफस्ट्रूम में पॉट इनविटेशनल ट्रैक टूर्नामेंट जीतकर अपने सेशन की शानदार शुरुआत की। इससे आने वाली डायमंड लीग टूर्नामेंट के लिए उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा।

नीरज चोपड़ा ने जीता गोल्ड मेडल

नीरज चोपड़ा ने वर्ल्ड एथलेटिक्स कॉन्टिनेंटल टूर चैलेंजर टूर्नामेंट में 84.52 मीटर की दूरी तक भाला फेंककर छह खिलाड़ियों के बीच चले मुकाबले में टॉप पोजीशन हासिल की। भारतीय स्टार चोपड़ा दक्षिण अफ्रीका के 25 वर्षीय डौव स्मिट से आगे रहे, जिनका सर्वश्रेष्ठ थ्रो 82.44 मीटर था। उनका प्रदर्शन हालांकि उनके व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ 89.94 मीटर से कम था, जबकि स्मिट अपने व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ 83.29 मीटर के करीब पहुंच गए। केवल दो खिलाड़ियों नीरज चोपड़ा और डौव स्मिट ने ही टूर्नामेंट में 80 मीटर की दूरी पार की। दक्षिण अफ्रीका के एक अन्य खिलाड़ी डंकन रॉबर्टसन 71.22 मीटर के प्रयास के साथ तीसरे स्थान पर रहे। चोपड़ा अपने नए कोच चेक गणराज्य के जान जेलेजनी की निगरानी में पोटचेफस्ट्रूम में प्रैक्टिस कर रहे हैं। जेलेजनी तीन बार के ओलंपिक चैंपियन और विश्व रिकॉर्ड धारक हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *