न्यूजीलैंड की ऑलराउंडर हेले जेनसन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से लिया संन्यास

By: PalPal India News
May 23, 2025

वेलिंगटन: न्यूजीलैंड महिला क्रिकेट टीम की अनुभवी ऑलराउंडर हेले जेनसन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। उनका अंतरराष्ट्रीय करियर 11 वर्षों तक चला, जिसमें उन्होंने देश के लिए कई यादगार प्रदर्शन किए।

हेले जेनसन ने 2014 में वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे और टी20 प्रारूप में डेब्यू किया था। 2018 में टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम में चयन के बाद वह नियमित सदस्य बन गईं। अपने करियर में उन्होंने कुल 88 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले, जिनमें 35 वनडे और 53 टी20 शामिल हैं। इस दौरान उन्होंने 1988 रन बनाए और 76 विकेट अपने नाम किए। संन्यास की घोषणा करते हुए हेले ने कहा, “जब मैं 10 साल की थी और अपने पहले क्रिकेट टूर्नामेंट से लौटी थी, तभी मैंने ठान लिया था कि एक दिन न्यूजीलैंड टीम का हिस्सा बनना है। वो सपना साकार हुआ, इसके लिए मैं बेहद आभारी हूं। यह सफर शानदार रहा, जिसमें कई उतार-चढ़ाव, सीखने के मौके और अविस्मरणीय लम्हे मिले।”

उन्होंने आगे कहा, “यह फैसला आसान नहीं था, लेकिन दिल कहता है कि अब सही समय है। मुझे गर्व है उस हर पल पर जो मैंने टीम के साथ बिताया और जो उपलब्धियां हमने साथ मिलकर हासिल कीं।” हेले जेनसन ने 2014, 2018, 2020 और 2023 के चार टी20 वर्ल्ड कप और 2022 के वनडे वर्ल्ड कप में हिस्सा लिया। 2020 के टी20 वर्ल्ड कप में श्रीलंका के खिलाफ अपने पहले ही मैच में उन्होंने तीन विकेट झटके और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुनी गईं। इसके अलावा, वह 2022 के बर्मिंघम कॉमनवेल्थ गेम्स में भी टीम की अहम सदस्य रहीं, जहां उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ कांस्य पदक मुकाबले में तीन विकेट लेकर टीम को जीत दिलाई।

टीम के मुख्य कोच बेन सॉयर ने उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा, “हेले ने बल्ले और गेंद दोनों से टीम के लिए अहम भूमिका निभाई है। उनके समर्पण और जुनून ने टीम को मजबूत बनाया है। हम उनके शानदार करियर के लिए उन्हें बधाई देते हैं और भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हैं।” न्यूजीलैंड क्रिकेट बोर्ड ने जानकारी दी है कि हेले जेनसन घरेलू क्रिकेट जारी रखेंगी या नहीं, इस पर वह बाद में फैसला लेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *