सैंटो डोमिंगो, 10 अप्रैल। डोमिनिकन रिपब्लिक की राजधानी सैंटो डोमिंगो में मंगलवार देर रात एक भयावह हादसे ने पूरे देश को सदमे में डाल दिया। Jet Set नामक प्रसिद्ध नाइटक्लब की छत गिरने से अब तक 184 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि कई लोग अब भी मलबे में फंसे हुए हैं। यह दुर्घटना रात करीब 12:45 बजे हुई, जब क्लब में एक म्यूजिक कॉन्सर्ट चल रहा था और सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद थे।
हादसे के तुरंत बाद राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया, जिसमें भारी मशीनरी, खोजी कुत्तों और ड्रोन की मदद ली गई। आपातकालीन संचालन केंद्र के निदेशक जुआन मैनुअल मेंडेज़ के अनुसार, अब तक 155 से अधिक बार एम्बुलेंस ट्रिप की जा चुकी हैं, कई बार एक ही एम्बुलेंस में दो-तीन घायलों को साथ ले जाना पड़ा।
इस हादसे में कई नामचीन और प्रभावशाली लोग भी शामिल थे। मोंटे क्रिस्टी की गवर्नर नेल्सी एम. क्रूज़ मार्टिनेज मलबे में फंसने के बाद राष्ट्रपति को कॉल करने में सफल रहीं, लेकिन बाद में अस्पताल में उनका निधन हो गया। इसके अलावा, पूर्व मेजर लीग बेसबॉल खिलाड़ी ओक्टावियो डोटेल (51) और टोनी ब्लांको भी हादसे में मारे गए। सांसद कार्लोस जे. गिल रोड्रिग्ज गंभीर रूप से घायल हैं और उनकी आपात सर्जरी की गई है। उनके दो सहयोगी अभी तक लापता हैं।