बिग बॉस 14 की पूर्व प्रतियोगी और अभिनेत्री निक्की तंबोली ने हाल ही में रिलीज हुई पंजाबी फिल्म बदनाम के गाने ‘इंजेक्शन लगा दो’ के जरिए पंजाबी इंडस्ट्री में डेब्यू किया है। निक्की ने इस गाने की जमकर तारीफ की और कहा कि यह ऐसा गाना है जिसे सुनकर लोग खुद को डांस करने से रोक नहीं पाएंगे। अपने नए प्रोजेक्ट को लेकर निक्की तंबोली बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने कहा, “मैं पंजाबी इंडस्ट्री में डेब्यू करने और बदनाम का हिस्सा बनने को लेकर रोमांचित हूं! ‘इंजेक्शन लगा दो मुझे’ एक एनर्जेटिक सॉन्ग है, जो किसी को भी झूमने पर मजबूर कर देगा। मैं इस बेहतरीन टीम के साथ काम करने के लिए आभारी हूं।”
बता दें कि ‘इंजेक्शन लगा दो मुझे’ गाने को मशहूर गायिका सुनिधि चौहान ने गाया है। फिल्म बदनाम, जो एक रोमांटिक ड्रामा है, फरवरी में रिलीज हुई थी। इसमें जय रंधावा, जैस्मिन भसीन और मुकेश ऋषि मुख्य भूमिकाओं में नजर आए थे।
निक्की तंबोली ने अपने करियर की शुरुआत एक मॉडल के तौर पर की थी। साल 2019 में उन्होंने तेलुगू हॉरर-कॉमेडी फिल्म ‘चिकाती गडिलो चिताकोटुडु’ से अभिनय की दुनिया में कदम रखा। इसके बाद वह तमिल एक्शन-हॉरर फिल्म ‘कंचना 3’ में नजर आईं, जहां उन्होंने ‘दिव्या’ का किरदार निभाया। उनकी तीसरी फिल्म तेलुगू भाषा में बनी ‘थिप्पारा मीसम’ थी। 2020 में निक्की ने सलमान खान के रियलिटी शो ‘बिग बॉस 14’ में भाग लिया, जहां वह तीसरे स्थान पर रहीं। इसके बाद 2021 में उन्होंने रोहित शेट्टी के स्टंट-बेस्ड शो ‘खतरों के खिलाड़ी 11’ में हिस्सा लिया, जिसे दक्षिण अफ्रीका के केप टाउन में फिल्माया गया था। इस शो में निक्की 10वें स्थान पर रहीं।