पलपल इंडिया प्रतिनिधि। नोएडा के सेक्टर-2 स्थित एक पेंट फैक्ट्री में भयानक आग लगते ही अफरा-तफरी मच गई। कारखाने में रखे पेंट के डिब्बे आग की चपेट में आकर फटने लगे और आसपास की फैक्टरियों तक भी आग पहुंचने का खतरा पैदा हो गया। मौके पर फायर ब्रिगेड की 30 गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
दिल्ली से सटे नोएडा में थाना फेस-वन क्षेत्र के सेक्टर-2 में स्थित शाम पेंट इंडस्ट्री केमिकल के कारखाने में सुबह 6 बजे के करीब अचानक आग लग गई। नोएडा के सेक्टर-2 स्थित एक पेंट फैक्ट्री में आग लगते ही वहां अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें और धुएं का गुबार ऊपर उठने लगा। आग की विकरालता को देखते हुए आसपास के जनपदों से और कुछ निजी कंपनियों के दमकल वाहनों को भी मौके पर बुलाया गया और 30 दमकल वाहनों की मदद से तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
आग ने काफी भयावह रूप धारण कर लिया था और पेंट्स तथा केमिकल निर्माण के चलते आग बुझाने में काफी परेशानी आईं। चौबे के मुताबिक कारखाने में रखे पेंट के डिब्बे आग की चपेट में आकर फटने लगे तथा आसपास की फैक्टरियों तक भी आग पहुंचने का खतरा पैदा हो गया था। उन्होंने बताया कि आग लगने के समय कारखाने में कोई मौजूद नहीं था और इस घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है।