पलपल इंडिया प्रतिनिधि,जबलपुर। 8वीं क्लास में पढ़ने वाले 12 साल के एक छात्र को बेरहमी से पीटने के मामले में स्कूल शिक्षा विभाग ने दिल्ली पब्लिक स्कूल से नोटिस जारी कर जल्द से जल्द जवाब मांगा है। मीडिया में आई खबर और वीडियो को देखने के बाद शिक्षा विभाग ने भी माना की मासूम के साथ जिस बेरहमी से वार्डन ने पिटाई की है, उसके खिलाफ पुलिस कानूनी कार्रवाई कर रही है, पर कहीं ना कहीं स्कूल प्रबंधन का भी दायित्व बनता है, कि इस तरह की घटना को गंभीरता से लिया जाए। छात्र और परिजन की शिकायत पर गौर पुलिस चौकी ने वार्डन के खिलाफ धारा 115, 296, 351 (2) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है, फरार वार्डन की तलाश की जा रही है।
जबलपुर जिला शिक्षा अधिकारी घनश्याम सोनी ने बताया कि मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली थी कि दिल्ली पब्लिक स्कूल में पढ़ने वाले 12 साल के छात्र के साथ तीन दिन पहले वार्डन मुकेश शर्मा ने न सिर्फ मारपीट की बल्कि उसे धमकी भी दी कि अगर किसी से कुछ कहा तो ठीक नहीं होगा।
बुधवार को बच्चे के माता-पिता रीवा से जबलपुर पहुंचे जहां बच्चे ने बताया कि किस कदर उसके साथ मारपीट की गई थी। डीईओ ने बताया कि डीपीएस स्कूल को नोटिस जारी कर जल्द से जल्द प्रतिवेदन मांगा है, गौर पुलिस चौकी वार्डन की तलाश कर रही है।
एएसपी सूर्यकांत शर्मा का कहना है कि वार्डन मुकेश शर्मा ने छात्र के मुंह में झापड़ मारा जिससे कि उसके कान, गाल में चोट आई है, पीठ में भी मारपीट की और हाथ भी मोड़ा। साथ ही बच्चे से कहा कि तू यदि किसी और कमरे मे दिखा तो तेरे हाथ पैर तोड़ दूंगा। मौके पर पहुंचने के बाद उनसे भी पूछताछ की जा रही है।
HIGHLIGHTS