पलामू: झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान के तहत पुलिस और सुरक्षाबलों को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पलामू जिले के हुसैनाबाद अनुमंडल क्षेत्र में सोमवार रात से जारी मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने टॉप माओवादी कमांडर तुलसी भुइयां को मार गिराया है। घटनास्थल से एक एसएलआर राइफल भी बरामद की गई है। मुठभेड़ मंगलवार सुबह तक जारी रही।
सूत्रों के अनुसार, इस मुठभेड़ में कुछ अन्य नक्सलियों के भी घायल होने की संभावना है। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। मौके पर पलामू की एसपी रिष्मा रमेशन और सीआरपीएफ के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं।
पुलिस को मिली गुप्त सूचना के मुताबिक, मोहम्मदगंज और हैदरनगर थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाके सीताचुआं में माओवादी नितेश के सशस्त्र दस्ता की गतिविधि देखी गई थी। नितेश पर 15 लाख रुपये का इनाम है, जबकि उसके साथ मौजूद संजय गोदराम पर 10 लाख का इनाम घोषित है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। जंगल में छिपे नक्सलियों ने देखते ही गोलीबारी शुरू कर दी, जिसके जवाब में सुरक्षाबलों ने कार्रवाई करते हुए तुलसी भुइयां को ढेर कर दिया।