प्रयागराज। महाकुंभ में स्नान करने गईं महिलाओं और लड़कियों के निजी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किए जा रहे हैं। इन वीडियो को टेलीग्राम पर बेचा भी जा रहा है, जबकि मेटा के प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम और फेसबुक पर भी ये क्लिप्स मौजूद हैं। इस मामले की गंभीरता को देखते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
महाकुंभ में स्नान कर रही महिलाओं और कपड़े बदलते समय उनके वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर डाले गए। सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम ने पाया कि पिछले कुछ दिनों में ऐसे वीडियो अचानक विभिन्न प्लेटफार्मों पर दिखने लगे। टेलीग्राम के एक चैनल के जरिए ये वीडियो न केवल वायरल किए गए, बल्कि इन्हें दो से तीन हजार रुपये में बेचा भी जा रहा था। यूपी पुलिस ने इस मामले में मेटा और टेलीग्राम दोनों के खिलाफ अलग-अलग केस दर्ज किए हैं। मेटा से जानकारी मांगी गई है ताकि वीडियो अपलोड करने वालों का पता लगाया जा सके, जबकि टेलीग्राम पर सक्रिय चैनलों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
यह पहली बार नहीं है जब टेलीग्राम का इस्तेमाल इस तरह के अपराध के लिए किया गया हो। हाल ही में गुजरात के राजकोट में भी ऐसा ही मामला सामने आया था। एक निजी अस्पताल में भर्ती गर्भवती महिलाओं के सीसीटीवी फुटेज टेलीग्राम और यूट्यूब पर अपलोड किए गए थे। इन वीडियो को 1000 से 1500 रुपये में बेचा जा रहा था। इस मामले में अब तक तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
महाकुंभ में महिलाओं की निजता भंग करने वाले इस अपराध को लेकर पुलिस ने साफ किया है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साइबर सेल और पुलिस की टीम इस पूरे मामले पर नजर रख रही है ताकि दोषियों तक पहुंचा जा सके। यूपी पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे इस तरह की आपत्तिजनक सामग्री को शेयर करने से बचें और कोई संदिग्ध गतिविधि दिखे तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।