पति की मौत की खबर सुनते ही पत्नी ने की जहर खाकर आत्महत्या, एक ही चिता पर हुआ अंतिम संस्कार

By: PalPal India News
April 18, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि। यूपी से एक ऐसी खबर आई है जिसे सुनकर आपका दिल भी पसीज जाएगा। यहाँ बिजनौर जिले के किरतपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव मसनपुर में मंगलवार को एक महिला ने अपने पति की मृत्यु के शोक में जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। भावनाओं को झकझोर देने वाली इस घटना में पति-पत्नी दोनों का अंतिम संस्कार एक ही चिता पर गंगा बैराज पर किया गया।

पति की मौत को सहन नहीं कर पाईं राजकुमारी

दरअसल मसनपुर निवासी 45 वर्षीय भीम सिंह पिछले काफी समय से बीमार चल रहे थे। उनका इलाज ऋषिकेश स्थित एम्स और देहरादून के जौलीग्रांट अस्पताल में चल रहा था। इस दौरान उनकी पत्नी राजकुमारी दिन-रात उनकी सेवा में जुटी रहीं। बीते सोमवार की शाम को इलाज के दौरान भीम सिंह ने अंतिम सांस ली। पति की मौत की खबर सुनते ही राजकुमारी पूरी तरह बिखर गईं। मंगलवार सुबह जब शव गांव लाया गया तो राजकुमारी पति के शव से लिपटकर फूट-फूटकर रोने लगीं। जिसके बाद वह चुपचाप अपने कमरे में चली गईं। जब घर की अन्य महिलाओं ने उन्हें देखा, तो वे बेहोशी की हालत में थीं। आनन-फानन में उन्हें बिजनौर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जब डॉक्टरों ने जांच की तो जांच में सामने आया कि उन्होंने जहर खाकर जान दे दी।

ग्रामीणों और परिजनों ने पति-पत्नी दोनों के शवों का गंगा बैराज पर एक ही चिता पर अंतिम संस्कार किया। बताया जा रहा है कि भीम सिंह और राजकुमारी मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। इस मार्मिक घटना से गांव में शोक की लहर है। पड़ोसी तक सदमे में हैं और कई घरों में चूल्हा तक नहीं जला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *