13वीं मंजिल पर महिला के हाथ-पैर बांध कर पहले सर पर किया कुकर से वार फिर बेरहमी से कर दी हत्या

By: PalPal India News
September 11, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि। तेलंगाना के कुकटपल्ली में हत्या की ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई जिसके बाद सभी लोगों में दहशत फ़ैल गई। यहाँ कुकटपल्ली के स्वान लेक अपार्टमेंट में रेणु अग्रवाल (50) नामक महिला की अज्ञात लोगों ने बेरहमी से हत्या कर दी। 13वीं मंजिल पर रहने वाली पीड़िता के हाथ-पैर बांधकर हत्या की घटना से स्थानीय लोग स्तब्ध हैं। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर टीम के साथ जांच शुरू कर दी है। वहीँ पुलिस को एक हफ्ते पहले झारखंड से आए एक व्यक्ति पर शक है। साथ ही, लिफ्ट में दो लोगों के संदिग्ध रूप से यात्रा करने की तस्वीरें सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई हैं।

कैसे की गई हत्या?

स्थानीय लोगों को यकीन नहीं हो रहा कि आमतौर पर शांत रहने वाले इस रिहायशी इलाके में ऐसी दरिंदगी हो सकती है। पुलिस के मुताबिक, रेणु अग्रवाल के हाथ-पैर बंधे हुए थे और उनकी लाश मिली। सबूतों से पता चलता है कि उनके सिर पर प्रेशर कुकर का ढक्कन मारकर और धारदार चाकू से वार करके उनकी हत्या की गई। हालाँकि हत्या का मकसद अभी स्पष्ट नहीं है, लेकिन अधिकारियों ने कहा कि वे लूटपाट के पहलू से भी जांच कर रहे हैं।

पुलिस ने तेज की जांच

पुलिस अपार्टमेंट की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर रही है। इस घटना ने गेटेड कम्युनिटी में भी सुरक्षा पर सवाल खड़े कर रहा है। बालानगर के डीसीपी सुरेश कुमार ने घटनास्थल पर जाकर स्थिति का निरीक्षण किया। पुलिस ने जांच में तेजी लाते हुए आसपास के इलाकों में तलाशी शुरू कर दी है। इस घटना से रेणु अग्रवाल के परिवार वालों में गहरा शोक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *