इंग्लैंड की धरती पर, युवा भारतीय दिखायेगा अपनी बल्लेबाजी का जादू, जाने किस टीम से खेलेगा

By: PalPal India News
June 12, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि। भारतीय टीम के युवा बल्लेबाज तिलक वर्मा काउंटी चैंपियनशिप के क्लब हैम्पशायर के साथ एक करार किया है, जिसके तहत वह जून और जुलाई में इस क्लब के लिए काउंटी चैंपियनशिप के चार मैच खेलेंगे। 22 साल के तिलक विस्फोटक बल्लेबाजी करते हैं और मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए प्रभावित कर चुके हैं। हैम्पशायर से भारतीय बल्लेबाज के जुड़ने से उनके बल्लेबाजी आक्रमण को मजबूती मिलेगी।

हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन ने दी एनओसी

सूत्रों के रिपोर्ट के मुताबिक बीसीसीआई और हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन ने उन्हें एनओसी (NoC) दे दी है। वह 18 जून से 2 अगस्त तक इंग्लिश काउंटी में खेलेंगे। हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन ने तिलक के काउंटी चैंपियनशिप में उनके बेहतरीन कार्यकाल की कामना की है। वहीं तिलक टी20 ब्लास्ट लीग में खेलने के लिए पात्र नहीं होंगे, क्योंकि बीसीसीआई विदेशी लीग में खेलने की अनुमति भारतीय प्लेयर्स को नहीं देता है।

तिलक T20I क्रिकेट में लगा चुके दो शतक

तिलक वर्मा ने भारतीय टीम के लिए साल 2023 में डेब्यू किया था। उन्होंने अभी तक टीम इंडिया के लिए 4 वनडे मैचों में कुल 68 रन और 25 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 749 रन बनाए हैं। टी20 क्रिकेट में वह दो शतक और तीन अर्धशतक भी लगा चुके हैं। साउथ अफ्रीका दौरे पर उन्होंने दमदार खेल दिखाया था।

घरेलू क्रिकेट में किया दमदार प्रदर्शन

इसके अलावा 18 फर्स्ट क्लास मैचों में तिलक वर्मा ने 1204 रन बनाए हैं। वहीं 36 लिस्ट-ए मैचों में उनके नाम पर 1495 रन दर्ज हैं। इसके अलावा वह मिडिल ओवर्स में गेंदबाजी भी कर सकते हैं। तिलक ने इंडिया-ए के लिए खेलते हुए न्यूजीलैंड-ए के खिलाफ शतक जड़ा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *