सतना में खुलेआम गुंडागर्दी! थाने में घुसकर हेड कांस्टेबल पर चलाई गोली, इलाज के दौरान मौत

By: PalPal India News
May 10, 2025

पलपल इंडिया प्रतिनिधि। मध्यप्रदेश के सतना जिले में खुलेआम गुंडागर्दी की खबर सामने आयी है। यहां एक शख्स ने थाने में घुसकर एक हेड कांस्टेबल को गोली मार दी। गोली लगते ही हेड कांस्टेबल को अस्पताल में भर्ती कराया गया। करीब 12 दिन बाद हेड कांस्टेबल की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। इसके अलावा मृतक हेड कांस्टेबल का अंतिम संस्कार सतना में किया गया है। उनके परिवार को उचित मुआवजा दिया जाएगा।

थाने में मारी गोली

दरअसल, सतना में हेड कांस्टेबल की थाने में घुसकर गोली मारकर हत्या करने का मामला सामने आया है। अधिकारियों ने बताया कि गोली मारने की घटना 28 अप्रैल की आधी रात को हुई। यहां जिले के जैतवारा थाना परिसर में हेड कांस्टेबल पर फायरिंग की गई। गोली उनके कंधे के पास लगी थी। गोली लगने के बाद घायल हेड कांस्टेबल प्रिंस गर्ग को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा था। वहीं इस घटना को अंजाम देने वाले आरोपी अच्छु शर्मा को पुलिस ने पिछले सप्ताह ही गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया था।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मृतक प्रिंस गर्ग के परिजनों को सरकारी नियमों के अनुसार एक करोड़ रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। इसके अलावा अनुकंपा के आधार पर सरकारी नौकरी दी जाएगी। मृतक प्रिंस गर्ग का अंतिम संस्कार शनिवार सुबह उनके पैतृक स्थान सतना में किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *