पाकिस्तान: खैबर पख्तूनख्वा की मस्जिद में जुमे की नमाज के दौरान धमाका, छह की मौत

By: PalPal India News
March 1, 2025

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी प्रांत खैबर पख्तूनख्वा के नौशेरा इलाके में शुक्रवार को एक मस्जिद में जुमे की नमाज के दौरान जोरदार बम धमाका हुआ। इस घटना में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हो गए। धमाके में मदरसे के प्रमुख भी घायल हुए हैं। धमाका मस्जिद के मुख्य हॉल में हुआ, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने नौशेरा में आपातकाल घोषित कर दिया है। प्रारंभिक जांच में इसे आत्मघाती हमला बताया जा रहा है।

यह मदरसा जामिया हक्कानिया के नाम से जाना जाता है, जिसकी स्थापना इस्लामिक विद्वान मौलाना अब्दुल हक हक्कानी ने 1947 में की थी। इससे पहले, पिछले महीने पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में भी सड़क किनारे बम विस्फोट हुआ था, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई थी।

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए कहा, “आतंकवाद के ऐसे कायराना हमले हमारे संकल्प को कमजोर नहीं कर सकते। हम देश से आतंकवाद के सभी रूपों को समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।” वहीं, पाकिस्तान के आंतरिक मंत्री मोहसिन नकवी ने भी इस हमले की निंदा करते हुए गहरा दुख और खेद व्यक्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *