ऑपरेशन ‘सिंदूर’ के बाद पाकिस्तान की बौखलाहट, LoC पर नागरिक इलाकों को बनाया निशाना

By: PalPal India News
May 8, 2025

नई दिल्ली. भारतीय सेना द्वारा ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में मौजूद आतंकी ठिकानों पर किए गए सटीक और संयुक्त हमले के बाद पाकिस्तान बुरी तरह बौखला गया है। जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तानी सेना ने नियंत्रण रेखा (LoC) के पास बसे भारतीय नागरिक इलाकों को निशाना बनाते हुए भारी गोलाबारी शुरू कर दी है। इस हमले में आम नागरिकों को जानबूझकर निशाना बनाया गया है।

भारतीय सेना प्रमुख लगातार सीमा पर तैनात इकाइयों के संपर्क में हैं और हालात पर कड़ी नजर रखी जा रही है। रक्षा सूत्रों के अनुसार, सेना को पूरी तरह से ‘ऑपरेशनल फ्रीडम’ दी गई है ताकि पाकिस्तान की किसी भी उकसावे वाली कार्रवाई का सटीक और करारा जवाब दिया जा सके। सैन्य कमान को यह स्पष्ट निर्देश मिले हैं कि अगर पाकिस्तानी सेना नागरिक क्षेत्रों पर हमला करती है, तो उसका मुंहतोड़ जवाब देना जरूरी है, जिससे उन्हें भविष्य में ऐसी हिमाकत करने से पहले कई बार सोचना पड़े।

बीती रात भारतीय सेना, वायुसेना और नौसेना के संयुक्त अभियान में पाकिस्तान और PoK में मौजूद 9 बड़े आतंकी अड्डों को ध्वस्त किया गया। इनमें वे आतंकी कैंप शामिल थे जहां से भारत में घुसपैठ की साजिशें रची जा रही थीं। यह हाई-प्रिसीजन ऑपरेशन तीनों सेनाओं की अद्भुत तालमेल और सटीक रणनीति का परिणाम था।

पाकिस्तान की बौखलाहट का असली कारण

हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 निर्दोष लोगों की मौत ने पूरे देश को झकझोर दिया था। इसके बाद भारत सरकार और सेना ने यह साफ कर दिया था कि अब आतंक के खिलाफ सीधी और निर्णायक कार्रवाई की जाएगी। यही कारण है कि भारतीय सेना ने आतंकियों के अड्डों पर सीधा वार करते हुए उन्हें करारा संदेश दिया। इस साहसिक कार्रवाई के बाद पाकिस्तान अब बौखलाकर नागरिक इलाकों को निशाना बना रहा है।

सीमा क्षेत्र की जनता को सतर्क रहने की अपील

सीमा से सटे इलाकों में रहने वाले लोगों को प्रशासन द्वारा सतर्क रहने और आवश्यक सुरक्षा उपाय अपनाने की सलाह दी गई है। बंकर खोल दिए गए हैं और आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी जरूरी प्रबंध किए जा रहे हैं, ताकि किसी भी खतरे की स्थिति में नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *